चार दिनों तक सड़क पर सफर कर सात नवंबर की रात पहुंचे बिहार, मां की याद और गांव के लगाव ने बनाया मुश्किल रास्ते को आसान छठ महापर्व की आस्था और अपनों से मिलने की चाह हो तो मुश्किल रास्ते भी आसान लगने लगते हैं। मुंबई में रहने वाले तीन दोस्तों ने इस बात को सच कर दिखाया। छठ पर्व पर अपने गांव पहुंचने की ऐसी इच्छा हुई कि ट्रेन का टिकट नहीं मिलने पर तीनों ने टेंपो से ही मुंबई से बिहार तक का सफर शुरू कर दिया। करीब 2200 किलोमीटर की दूरी तय करने में उन्हें चार दिन लगे। आखिरकार सात नवंबर की रात तीनों अपने गांव पहुंच गए। अब उनके इस अनोखे सफर की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। यह कहानी उत्तरी बरियरिया पंचायत के वार्ड संख्या आठ निवासी धर्मेंद्र कुमार मेहता और उनके दो दोस्तों की है। धर्मेंद्र रोजगार के सिलसिले में मुंबई के बोरीवली में रहते हैं। छठ पर्व नजदीक आते ही उन्हें मां, परिवार और गांव की याद सताने लगी। घर लौटने के लिए उन्होंने ट्रेन का टिकट लेने की कोशिश की, लेकिन लगातार प्रयास के बाद भी टिकट नहीं मिला। महंगे टिकट ने बदला सफर का तरीका धर्मेंद्र के मुताबिक, सामान्य दिनों में मुंबई से बिहार आने का ट्रेन किराया करीब 500 रुपये होता है, लेकिन छठ के समय टिकट की भारी मांग के कारण उपलब्ध टिकट के लिए 2500 से 3000 रुपये तक मांगे जा रहे थे। ऐसे में उन्होंने अपने साथ काम करने वाले दो दोस्तों रामप्रवेश और बंजरिया बाबू टोला निवासी नवीन कुमार टंडन से बात की। तीनों ने मिलकर टेंपो से ही गांव जाने का फैसला कर लिया। चार नवंबर को निकले, चार दिन बाद घर पहुंचे तीनों दोस्त चार नवंबर की सुबह पांच बजे टेंपो में जरूरी सामान रखकर मुंबई के बोरीवली से बिहार के लिए रवाना हुए। लंबी दूरी होने के कारण उन्हें रास्ते में कई जगह रुकना पड़ा। पहले दिन करीब 400 किलोमीटर का सफर तय किया। रात में एक जांच चौकी के पास आराम किया और फिर अगले दिन यात्रा शुरू कर दी। इस तरह रास्ते में अलग-अलग पड़ाव लेते हुए तीनों आगे बढ़ते रहे। चार दिनों तक लगातार सफर करने के बाद सात नवंबर की रात वे अपने गांव पहुंच गए। इस पूरी यात्रा में सीएनजी पर करीब तीन हजार रुपये और पेट्रोल पर एक हजार रुपये खर्च हुए। इस तरह करीब चार हजार रुपये में तीनों ने 2200 किलोमीटर की दूरी तय कर ली। मां के साथ छठ घाट जाने की यादें करती रहीं घर आने को मजबूर धर्मेंद्र बताते हैं कि छठ पर्व से उनका बचपन से ही गहरा जुड़ाव रहा है। बचपन में मां और मोहल्ले के लोगों के साथ छठ घाट जाना, पूजा की तैयारियों में सहयोग करना और घाट पर होने वाले धार्मिक आयोजन आज भी उन्हें याद हैं। रोजगार के लिए मुंबई जाना पड़ा, लेकिन गांव और छठ से उनका लगाव कभी कम नहीं हुआ। इस बार उनकी मां छठ का व्रत नहीं कर रही थीं। उनकी चाची व्रत कर रही हैं। इसके बावजूद पर्व नजदीक आते ही धर्मेंद्र का मन घर लौटने के लिए बेचैन हो गया। मां की याद और बचपन के छठ पर्व की तस्वीरें उनके मन में घूमने लगीं। आखिरकार उन्होंने दोस्तों के साथ टेंपो से ही घर जाने का फैसला कर लिया। गांव की मिट्टी और अपनों का प्यार सबसे बड़ा आकर्षण धर्मेंद्र के लिए छठ केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि परिवार, गांव और बचपन की यादों से जुड़ने का मौका है। मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच उन्हें हर साल छठ पर गांव आने का इंतजार रहता है। इस बार ट्रेन का टिकट नहीं मिला तो उन्होंने रास्ता बदल लिया, लेकिन घर आने का इरादा नहीं बदला। तीनों दोस्तों की यह यात्रा बताती है कि मां की याद, गांव की मिट्टी और छठ की आस्था के सामने 2200 किलोमीटर की दूरी भी छोटी पड़ सकती है। Post navigation कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी; सामान जलकर राख, कोई हताहत नहीं