असम के कामरूप जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। यहां कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) ने बताया कि 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस डिगारू रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। इस दौरान दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए एक्सप्रेस ट्रेन को रोका जा रहा था। इसी बीच लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सका। इसके कारण ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल काम शुरू कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक भी अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। रेलवे की टीम हादसे के कारणों की जांच करने के साथ ही पटरी से उतरे इंजन और डिब्बों को हटाने तथा रेल परिचालन सामान्य करने में जुटी है। फिलहाल इस घटना के कारण संबंधित रेलखंड पर परिचालन प्रभावित हुआ है। Post navigation हिनू में HDFC बैंक की इमारत में आग, इलाके में मचा हड़कंप अंबा प्रसाद के समर्थन में उतरी कांग्रेस, सील आवास के बाहर टेंट में पहुंचे प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष