राजस्थान के नागौर के बड़ली गांव में हुआ भीषण विस्फोट, कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी आवाज; एक घायल अस्पताल में भर्ती नागौर: राजस्थान के नागौर जिले के बड़ली गांव में गुरुवार को पटाखों के एक गोदाम में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि गोदाम में मौजूद तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय गोदाम के अंदर तीन लोग मौजूद थे। इसी दौरान वहां रखे बारूद में आग लग गई और अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की चपेट में आने से दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मोहम्मद आमिर और मुजीब के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में बहनोई और साले थे। हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति को तत्काल नागौर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। धमाके से दहल उठा पूरा इलाका विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शरीर के कुछ हिस्से उछलकर आसपास के मकानों तक जा गिरे। गोदाम के आसपास बने कई घरों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। धमाके की तेज आवाज सुनकर गांव के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ समय बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतकों के शवों के अवशेष एकत्र किए और उन्हें मॉर्चरी भेज दिया। सर्किल ऑफिसर जतिन जैन ने बताया कि इस जगह पर काफी समय से बारूद और पटाखों का गोदाम चल रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बारूद में आग लगने के कारण विस्फोट हुआ। उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस के मुताबिक, गोदाम का लाइसेंस था और मालिकों के पास जरूरी दस्तावेज भी मौजूद थे। इस कारोबार से जुड़े लोग कई वर्षों से पटाखों का काम कर रहे थे। हालांकि, गोदाम में आग कैसे लगी और विस्फोट की असली वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद स्पष्ट होगी धमाके की वजह नागौर के तहसीलदार नरसिंह टैंक ने बताया कि घटनास्थल पर लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। प्रशासन की टीम मौके पर स्थिति का जायजा ले रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल दो लोगों की मौत की जानकारी मिली है और मामले की जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही गोदाम में बारूद और पटाखों के भंडारण से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा रही है। Post navigation झारखंड आ रहे मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, देवघर में विधिक शिविर तो रांची में 35 करोड़ के डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन; राष्ट्रपति का दौरा रद्द चावड़ी बाजार में मौत बनकर गिरी तीन मंजिला इमारत, दो की मौत; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका