G-6J2VDTQNQL

शहीद नीलांबर-पीतांबर की जन्मस्थली चेमो-सनेया को कुटकू मंडल जलाशय परियोजना के कारण विस्थापन से बचाने और क्षेत्र के विकास की मांग को लेकर रविवार को विशाल महाग्राम सभा का आयोजन किया गया। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा, झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में डाल्टनगंज से करीब 90 किलोमीटर दूर स्थित शहीद मैदान में आयोजित इस सभा में बड़ी संख्या में झारखंड आंदोलनकारी, किसान और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। सभा में लोगों ने अपने अधिकार, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

सभा की अध्यक्षता कुटकू डैम परियोजना के डूब क्षेत्र सभा के संयोजक अशोक पाल ने की। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद ग्रामीणों और आंदोलनकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए सरकार से न्याय और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। महाग्राम सभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें कुटकू मंडल जलाशय परियोजना को रद्द करने, शहीद स्थल को आदर्श गांव और पर्यावरण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, स्थानीय लोगों को वन पट्टा देने, रजिस्टर-2 के आधार पर लगान रसीद काटने तथा हाल सर्वे और लैंड बैंक को रद्द करने की मांग शामिल है। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण कानून-2013 को लागू करने और ग्रामसभा के अधिकारों का पालन सुनिश्चित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा और अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य महासचिव पुष्कर महतो ने कहा कि क्रांतिकारियों के उलगुलान की लौ को किसी भी कीमत पर बुझने नहीं दिया जाएगा। अपने संघर्ष के बल पर उलगुलान एक क्रांति का नया इतिहास लिखना है। उन्होंने कहा कि सरकार को नीलांबर-पीतांबर की धरती और यहां के लोगों को न्याय के साथ सम्मान देना चाहिए। यहां के निवासियों और झारखंड आंदोलनकारियों को समाज में स्वाभिमान और आजादी के साथ जीने का अधिकार मिलना चाहिए। पुष्कर महतो ने कहा कि नीलांबर-पीतांबर की जन्मस्थली प्राकृतिक संपदा और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां पनबिजली परियोजना स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार और नौकरी के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और खनिज संपदा को बेहतर तरीके से विकसित कर दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता दी जाए और उन्हें विस्थापन के बजाय विकास का लाभ मिले।

संयुक्त किसान मोर्चा और झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुफल महतो ने कहा कि शहीद नीलांबर-पीतांबर की जन्मस्थली चेमो-सनेया को कुटकू डैम परियोजना के डूब क्षेत्र में आने के कारण विस्थापन का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन के समय 1927 से ही यहां के किसान आंदोलन करते आ रहे हैं। करीब 99 वर्षों से जारी इस संघर्ष के कारण अब तक क्षेत्र को डूबने से बचाने की कोशिश जारी है। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चे, नौजवान, किसान और महिलाएं अपनी जमीन बचाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। उनका नारा है- ‘जान देंगे, जमीन नहीं’। सुफल महतो ने बताया कि क्षेत्र के संरक्षण, कल्याण और विकास की मांग को लेकर जल्द ही राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को स्थानीय लोगों की भावनाओं और उनके अधिकारों का सम्मान करते हुए विस्थापन की समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।

किसान महासभा के सचिव पूरन महतो ने कहा कि देश की आजादी और झारखंड राज्य गठन के बाद भी शहीदों का गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन क्रांतिकारियों ने देश और समाज के लिए संघर्ष किया, उनकी जन्मस्थली के लोग आज भी विकास की बाट जोह रहे हैं। सभा को क्रांतिकारी खेत मजदूर संगठन के राज्य अध्यक्ष अशोक पाल, झारखंड राज्य किसान सभा के संयुक्त सचिव मदुवा कच्छप, आदिवासी अधिकार मंच के राज्य संयोजक सुखनाथ लोहरा सहित विजय चौरसिया, रामदेव राजू, अजय सिंह चेरो, त्रिपुरारी सिंह, तपेश्वर सिंह, अलशिस मिंज, अनिता मिंज, बृजदेव रजवार और देवनाथ रजवार ने भी संबोधित किया।

सभा में घोषणा की गई कि 15 नवंबर 2026 को झारखंड आंदोलनकारी और किसान प्रतिनिधि अपने बच्चों के अधिकारों तथा जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए रांची के बिरसा मुंडा चौक से ‘उलगुलान एक क्रांति’ आंदोलन का आगाज करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि चेमो-सनेया के लोगों का संघर्ष केवल जमीन बचाने का नहीं, बल्कि शहीदों की विरासत, स्थानीय अस्मिता और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा का संघर्ष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *