सुबह तेज आवाज के साथ भरभराकर ढही इमारत, हादसे के बाद इलाके में मची चीख-पुकार; पुलिस, दमकल और NDRF की टीमें राहत-बचाव में जुटीं दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल का मंजर देखकर वहां पहुंचे लोग भी सहम गए। फिलहाल मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे दमकल विभाग को चावड़ी बाजार में इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहतकर्मियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। तेज आवाज के साथ ढह गई पूरी इमारत स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत गिरने से पहले अचानक तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद देखते ही देखते तीन मंजिला इमारत जमीन पर आ गिरी। मलबा फैलते ही आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। स्थानीय निवासी मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि उनका घर उस गली के ठीक बाहर है, जहां यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि वहां दो से तीन मंजिला नई इमारत का निर्माण हो रहा था। अचानक तेज आवाज सुनाई दी और इमारत गिर गई। अल्ताफ के अनुसार, आसपास की दूसरी इमारतों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, आशंका है कि कुछ और लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस, दमकल विभाग और NDRF की टीमें लगातार मलबा हटाने में जुटी हैं। राहतकर्मी पूरी सावधानी के साथ तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। फिलहाल इमारत गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से बचाव अभियान जारी है। हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इमारत निर्माणाधीन थी या पहले से उपयोग में थी और उसके गिरने की वजह क्या रही, इन सभी पहलुओं की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। Post navigation पटाखों के गोदाम में बारूद ने मचाई तबाही, धमाके में दो की मौत