G-6J2VDTQNQL

आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। इस मुद्दे पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। मोर्चा ने 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद रखने का ऐलान किया है। इससे पहले अलग-अलग तारीखों पर मशाल जुलूस और कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया जाएगा। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने भी जांच तेज कर दी है। पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

भाजपा एसटी मोर्चा की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 10 नवंबर को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं कैंडल मार्च निकालकर निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग करेंगी। वहीं, 17 नवंबर को विभिन्न संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। आंदोलन के अंतिम चरण में 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद रहेगा। इस बंद के दायरे में रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिले शामिल हैं। भाजपा एसटी मोर्चा का कहना है कि निशा भगत की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिन लोगों की भूमिका सामने आती है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

दूसरी ओर, निशा भगत की मौत के मामले में पुलिस प्रशासन ने भी कार्रवाई की है। पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी भूमिका को भी जांच के दायरे में रखा गया है। मृतका के पिता की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के बाद रांची एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। मृतका के पिता के आवेदन में ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की को नामजद आरोपी बनाया गया है। एसआईटी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि निशा भगत की मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एसआईटी मृतका के पिता के आरोपों, संबंधित लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। इधर, भाजपा एसटी मोर्चा ने साफ किया है कि निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। अब 18 नवंबर को प्रस्तावित बंद और पुलिस जांच की दिशा पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *