बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के पास हुआ हादसा, आग की चपेट में आकर बच्चों के स्कूल बैग जलकर राख बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल जा रहे बच्चों से भरे एक सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। ऑटो में बच्चे सवार थे और उनके स्कूल बैग भी रखे हुए थे। आग इतनी तेजी से फैली कि बच्चों के बैग पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि, गनीमत रही कि समय रहते सभी बच्चों को ऑटो से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह सीएनजी ऑटो बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। जैसे ही ऑटो बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के समीप पहुंचा, उसमें अचानक आग लग गई। ऑटो में आग की लपटें उठती देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग तुरंत बच्चों को बचाने के लिए आगे आए। समय रहते बाहर निकाले गए बच्चे ऑटो में आग लगते ही बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान बच्चों के स्कूल बैग ऑटो में ही रह गए और आग की चपेट में आकर जल गए। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आसपास से गुजर रहे लोग भी रुक गए और घटना को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई। ऑटो में स्कूली बच्चों के सवार होने के कारण घटना को लेकर लोगों में चिंता बनी रही। हालांकि, सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल ऑटो में आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है। Post navigation क्रांतिकारियों के उलगुलान की लौ बुझने नहीं देंगे : पुष्कर महतो