70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी की मौत से परिवार में पसरा मातम, ग्वाला टोली स्थित घर से तीन दिन पहले हुए थे लापता राजधानी रांची के बड़ा तालाब में बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ग्वाला टोली निवासी 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में हुई है। वह पिछले तीन दिनों से लापता थे। उनकी तलाश में परिवार के लोग लगातार परेशान थे। आखिरकार बुधवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने बड़ा तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाकर उनका शव बरामद किया। जानकारी के मुताबिक, शाहिद अख्तर तीन दिन पहले अचानक अपने घर से लापता हो गए थे। काफी समय तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने अपने स्तर से उनकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से भी उनके बारे में जानकारी जुटाई गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार ने पुलिस को भी उनकी गुमशुदगी की सूचना दी। बड़ा तालाब में तलाश के दौरान मिला शव खोजबीन के दौरान आशंका जताई गई कि शाहिद अख्तर बड़ा तालाब की ओर गए होंगे। इसके बाद उनकी तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। बुधवार सुबह टीम ने तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान पानी से उनका शव बरामद हुआ। शव बाहर निकलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शाहिद अख्तर तालाब में कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। जाने-माने बिल्डर साहब अली के थे भाई बताया जाता है कि शाहिद अख्तर गद्दी रांची के जाने-माने बिल्डर साहब अली के भाई थे। उनकी मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। तीन दिनों तक उनकी तलाश के बाद शव मिलने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। Post navigation शराब के नशे में विवाद के बाद बिट्टू सिंह की हत्या, धारदार हथियार से हमला कर रस्सी से घोंटा गला; दो गिरफ्तार छात्रवृत्ति के इंतजार में परेशान ST-SC छात्र सड़क पर उतरे, AISF ने अल्बर्ट एक्का चौक किया जाम