एसएसपी के आदेश पर पुलिसकर्मियों का तबादला, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और कॉलोनियों में अब नई टीमें संभालेंगी गश्त की कमान राजधानी में अपराध नियंत्रण और पुलिस की गश्त व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रांची पुलिस ने टाइगर मोबाइल की टीमों में व्यापक बदलाव किया है। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के तहत अलग-अलग थाना और ओपी क्षेत्रों में तैनात टाइगर मोबाइल के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों का कार्यक्षेत्र बदल दिया गया है। खासकर लंबे समय से एक ही इलाके में तैनात पुलिसकर्मियों को दूसरे क्षेत्रों में भेजा गया है। आदेश के अनुसार, टाइगर-01 से टाइगर-63 तक की यूनिटों में नई प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यक्षेत्र में योगदान देने को कहा गया है। उन्हें नए इलाके के संबंधित थाना प्रभारी के अधीन रहकर ड्यूटी करनी होगी। आदेश के पालन की जिम्मेदारी पुलिस केंद्र रांची के परिचारी प्रवर-प्रथम को दी गई है। कई प्रमुख इलाकों में बदली गई पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी नई व्यवस्था के तहत अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर, वास्तु विहार, हरमू हाउसिंग कॉलोनी और बसंत विहार जैसे इलाकों में टाइगर मोबाइल की नई टीमें तैनात होंगी। बरियातू क्षेत्र के मोरहाबादी, हरिहर सिंह रोड, रिम्स के पीछे और करमटोली में भी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी बदली गई है। चुटिया और डोरंडा थाना क्षेत्रों में भी नई तैनाती की गई है। चुटिया के बिग बाजार, सुजाता चौक, रेलवे स्टेशन, बहू बाजार और मेन रोड के आसपास अब नई टीमें गश्त करेंगी। वहीं डोरंडा के मेकॉन, एयरपोर्ट रोड, पत्थर रोड और पारसटोली क्षेत्रों में भी पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोतवाली और लालपुर के व्यस्त इलाकों में भी बदलाव शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के उद्देश्य से कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र की टाइगर मोबाइल यूनिटों में भी फेरबदल किया गया है। कचहरी चौक, मेन रोड, सर्जना चौक, न्यूक्लियस मॉल, हरिओम टावर और मोरहाबादी मैदान के आसपास नई टीमें जिम्मेदारी संभालेंगी। इसके अलावा गोंदा, धुर्वा, जगन्नाथपुर, लोअर बाजार, पंडरा ओपी, सदर, सुखदेवनगर, तुपुदाना ओपी, नगड़ी, खेलगांव, पुंदाग ओपी, रातू और नामकुम क्षेत्रों में भी टाइगर मोबाइल के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई पर रहेगा जोर टाइगर मोबाइल की टीमें शहर के विभिन्न इलाकों में नियमित गश्त करती हैं। इनका मुख्य काम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना, अपराध की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचना और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में थाना पुलिस की मदद करना है। लंबे समय से एक ही क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों का कार्यक्षेत्र बदलने के पीछे गश्त व्यवस्था को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना उद्देश्य है। नई तैनाती के बाद पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित इलाकों में नियमित निगरानी रखनी होगी। पुलिस प्रशासन को उम्मीद है कि इस बदलाव से शहर और जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी। Post navigation हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 26 कैदियों की रिहाई पर मुहर, जेल से निकलने के बाद भी रखी जाएगी नजर