G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची में आपसी विवाद ने एक युवक की जान ले ली। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में बुधवार देर रात बदमाशों ने गोली मारकर छोटू महतो उर्फ मिथिलेश की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर पैसे के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में उसके बड़े भाई विकास महतो को तलाशते हुए घर पहुंचे थे। इस दौरान की गई फायरिंग में छोटू को गोली लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू का विकास महतो के साथ लंबे समय से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर बुधवार देर रात अभिषेक अपने कई साथियों के साथ इंद्रपुरी स्थित विकास महतो के घर पहुंचा। वहां पहुंचने के बाद सभी विकास को खोजने लगे।

बताया जाता है कि उस समय घर का मुख्य गेट बंद था। आरोपियों ने अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन गेट बंद होने के कारण वे घर में प्रवेश नहीं कर सके। इसके बाद उन्होंने गेट के बाहर से ही गोलियां चला दीं। फायरिंग के दौरान विकास महतो के छोटे भाई छोटू महतो उर्फ मिथिलेश को गोली लग गई। गोली लगते ही वह गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी की सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे पैसे के लेनदेन को लेकर चला आ रहा विवाद मुख्य वजह बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *