G-6J2VDTQNQL

रांची: आदिवासी महिला कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई की जांच के दौरान एक अहम जानकारी सामने आई है। मौत से कुछ घंटे पहले निशा भगत ने सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शिशिर राज से फोन पर बात की थी। इस दौरान उन्होंने अजय तिर्की के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर सलाह मांगी थी। सीबीआई ने रविवार को अधिवक्ता शिशिर राज का बयान दर्ज कर इस बातचीत से जुड़ी जानकारी हासिल की। अधिवक्ता शिशिर राज ने जांच अधिकारियों को बताया कि निशा भगत ने पहली बार फोन कर अजय तिर्की के खिलाफ केस दर्ज कराने के संबंध में कानूनी सलाह मांगी थी। उन्होंने निशा से कहा था कि पहले पूरे मामले की जानकारी लेंगे और उसके बाद उचित कानूनी राय देंगे। इसके कुछ समय बाद निशा ने उन्हें फिर फोन किया।

शिशिर राज ने सीबीआई को बताया कि दूसरी बार जब निशा का फोन आया, उस समय वह एयरपोर्ट जा रहे थे। रास्ते में होने के कारण उन्हें फोन पर निशा की आवाज ठीक से सुनाई नहीं दे रही थी। उन्होंने निशा से कहा कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोबारा बात करेंगे। इसके बाद कॉल कट गई। अधिवक्ता के अनुसार, बाद में उन्होंने खुद निशा को फोन करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। कुछ देर बाद उन्हें निशा की मौत की खबर मिली। सीबीआई ने उनसे दोनों फोन कॉल के समय और बातचीत के दौरान की परिस्थितियों को लेकर सवाल किए। जांच टीम का नेतृत्व कर रहे डीआईजी (दिल्ली) ने भी उनसे पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान शिशिर राज ने कहा कि निशा भगत काफी बोल्ड महिला थीं। उन्हें यह विश्वास करना मुश्किल लग रहा है कि वह आत्महत्या कर सकती हैं। मौत से कुछ घंटे पहले उनका कानूनी सलाह मांगना जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, अधिवक्ता की यह व्यक्तिगत प्रतिक्रिया है। मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।

गौरतलब है कि छह नवंबर को निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मौत से पहले उन्होंने फेसबुक लाइव किया था, जिसमें राज्य सरकार और जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। घटना के बाद उनके परिजनों ने मौत के पीछे साजिश होने की आशंका जताई और सीबीआई जांच की मांग की थी। परिजनों की मांग पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। जांच अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। अब जांच एजेंसी निशा की मौत से पहले की घटनाओं, उनके लगाए गए आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने सात नवंबर को स्वतः संज्ञान लिया था। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध जांच करने और सात दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भी मामले की जानकारी लेने के लिए रांची का दौरा किया था। सीबीआई के लिए अब यह पता लगाना महत्वपूर्ण है कि निशा भगत मौत से पहले किन परिस्थितियों का सामना कर रही थीं और वह अजय तिर्की के खिलाफ किस तरह की कानूनी कार्रवाई करना चाहती थीं। साथ ही फेसबुक लाइव में लगाए गए आरोपों की सच्चाई और उनकी मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *