G-6J2VDTQNQL

जिले में वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को कान्हाचट्टी प्रखंड के बन्दा सुरक्षित वन क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से चल रही कत्था बनाने की फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान मौके से करीब 40 किलो गीला कत्था बरामद कर जब्त किया गया। जब्त कत्थे की अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही अवैध कारोबार में शामिल लोग घने जंगल और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकले। यह कार्रवाई चतरा उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर की गई। गुप्त सूचना मिलने के बाद राजपुर वन प्रक्षेत्र, चतरा सदर वन प्रक्षेत्र और लावालौंग वन प्रक्षेत्र के वनकर्मियों की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने रविवार को बन्दा सुरक्षित वन के भीतरी और दुर्गम इलाकों में अचानक छापेमारी की। यहां जंगल के बीच अवैध तरीके से कत्था तैयार करने का काम चल रहा था। छापेमारी के दौरान वनकर्मियों ने कत्था बनाने के लिए बनाई गई भट्ठियों को तोड़ दिया। इसके साथ ही कत्था तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन, उपकरण और अन्य सामान भी नष्ट कर दिए गए, ताकि दोबारा वहां इस तरह का कारोबार शुरू नहीं किया जा सके।

प्रधान वनरक्षक कृष्णा महात्मा ने बताया कि कत्था बनाने के लिए तस्कर जंगलों में खैर के पेड़ों को अवैध रूप से काटते हैं। इसके बाद पेड़ के बीच के हिस्से को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बड़े बर्तनों में गर्म भट्ठी पर गलाया जाता है। इस प्रक्रिया से एक तरल पदार्थ तैयार होता है। बाद में इस तरल को हार्ड कंप्रेसर की मदद से दबाकर ठोस बिस्कुट के आकार में बदल दिया जाता है। उन्होंने बताया कि तैयार कत्थे की बाजार में कीमत करीब दो हजार रुपये प्रति किलो तक होती है। इस तरह जंगलों से खैर के पेड़ों की कटाई कर तस्कर अवैध रूप से कमाई करते हैं। इससे वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचता है।

वन विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि सुरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई और कत्था बनाने के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अज्ञात तस्करों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उनके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से कत्था बनाने और उसकी तस्करी करने वालों के बीच हड़कंप है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जंगलों को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *