पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए केंद्र से पर्याप्त राशि नहीं मिलने पर जताई नाराजगी, तकनीकी अड़चनें दूर होने के बाद भुगतान फिर शुरू राज्य के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिले, इसे लेकर कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा ने शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की स्थिति, लंबित भुगतान और राशि जारी करने में आ रही परेशानियों पर चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भुगतान में तेजी लाई जाए, ताकि विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठा। मंत्री चमरा लिण्डा ने कहा कि इस योजना के लिए केंद्र सरकार से पर्याप्त राशि नहीं मिल रही है। इसके कारण छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति मिलने में परेशानी हो रही है और उनमें असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए केंद्र से मिलने वाली राशि और भुगतान की प्रक्रिया पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। तकनीकी दिक्कतों के कारण रुका था भुगतान बैठक में विभागीय सचिव ने बताया कि छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया में एसएनए स्पर्श (SNA Sparsh) प्रणाली लागू किए जाने के बाद कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं। इन समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिल पा रही थी। हालांकि, अब तकनीकी बाधाओं को दूर कर लिया गया है और भुगतान की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है। मंत्री ने सभी जिलों को छात्रवृत्ति भुगतान में तेजी लाने के लिए आवश्यक निर्देश देने को कहा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जिला स्तर पर लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र विद्यार्थियों को बिना अनावश्यक देरी के छात्रवृत्ति की राशि मिल सके। बैठक में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव, आदिवासी कल्याण आयुक्त और आदिवासी सहकारी विकास निगम, रांची के प्रबंध निदेशक मौजूद थे। Post navigation ‘हर बच्चे की आवाज महत्वपूर्ण’- बाल पत्रकारों से संवाद में बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन