G-6J2VDTQNQL

राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र में मृत्युंजय सिंह उर्फ बिट्टू सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी धुर्वा और हिंदपीढ़ी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस की जांच में पता चला है कि घटना के समय दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। इसी दौरान हुए विवाद के बाद उन्होंने मिलकर बिट्टू सिंह की हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले देर रात बिट्टू सिंह और दोनों आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय आरोपियों ने काफी शराब पी रखी थी। विवाद बढ़ने पर दोनों ने बिट्टू सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

गुप्त सूचना पर पकड़े गए दोनों आरोपी

हत्या की घटना के बाद धुर्वा थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। इसी बीच पुलिस को दोनों आरोपियों के बारे में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या की असली वजह जानने में जुटी पुलिस

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब पीने के दौरान किस बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। क्या हत्या के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी थी या फिर मामूली विवाद ने ही इतना गंभीर रूप ले लिया, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *