G-6J2VDTQNQL

महाराष्ट्र के पुणे में रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस का दावा है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश के तहत की गई हत्या थी। इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल मुख्य आरोपी के रूप में सामने आई है। जांच में यह भी पता चला है कि हत्या के बाद सिया ने खुद को बेगुनाह दिखाने और लोगों को गुमराह करने के लिए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा की थी।

18 जून को लोहागढ़ किले की खाई में मिली थी केतन अग्रवाल की लाश

पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल की लाश लोहागढ़ किले की खाई में मिली थी। शुरुआत में सिया ने पुलिस और परिवार वालों को बताया था कि केतन सेल्फी लेते समय फिसलकर खाई में गिर गया था। इसी आधार पर पहले इसे दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसी बातें मिलीं, जिससे उन्हें संदेह हुआ कि मामला सिर्फ हादसे का नहीं है। पुलिस ने किले के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में केतन और सिया एक साथ दिखाई दिए। लेकिन पुलिस की नजर एक ऐसे व्यक्ति पर भी पड़ी, जो उनसे कुछ दूरी पर चल रहा था। जांच अधिकारियों के अनुसार, उस व्यक्ति ने भीषण गर्मी के बावजूद हुडी और हेडसेट पहन रखा था। उसका चेहरा भी पूरी तरह छिपा हुआ था। यह बात पुलिस को संदिग्ध लगी। एक वीडियो में यह भी देखा गया कि जैसे ही सिया पीछे मुड़कर देखती है, वह व्यक्ति अचानक नीचे बैठ जाता है, मानो अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा हो।

तुम मुझे छोड़कर क्यों चले गए? – भावुक पोस्ट के पीछे छिपा था खौफनाक राज

इस बीच, हत्या के बाद सिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक स्टोरी पोस्ट की। उसने लिखा कि केतन उसे उसके जन्मदिन पर छोड़कर चला गया और अब उसके कई सवालों के जवाब कभी नहीं मिल पाएंगे। उसने भगवान से केतन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की। पोस्ट के साथ केतन और सिया के पुराने वीडियो भी लगाए गए थे, जिनमें दोनों साथ नजर आ रहे थे। मानना है कि यह पोस्ट लोगों को भ्रमित करने और खुद को निर्दोष दिखाने की कोशिश थी। जांच में यह भी सामने आया कि सिया कई बार केतन को लोहागढ़ किला चलने के लिए कह चुकी थी। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि 31 मई को भी दोनों वहां गए थे। इसके बाद सिया ने दोबारा वहां जाने की जिद की, लेकिन केतन की मां ने इसकी अनुमति नहीं दी थी। पुलिस के अनुसार, 14 जून को भी सिया कथित रूप से केतन को उसी किले पर ले गई थी। आरोप है कि उस दिन भी उसे चट्टान से धक्का देने की कोशिश की गई थी। हालांकि, केतन एक झाड़ी पकड़कर बच गया। जब उसे धक्का दिए जाने का शक हुआ, तो सिया ने सांप होने का बहाना बनाकर स्थिति को संभालने की कोशिश की और ऐसा दिखाया कि वह उसकी मदद कर रही है।

शादी की तैयारी चल रही थी, पीछे से रची जा रही थी मौत की साजिश?

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने सिया के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल बातचीत की भी जांच की। इसमें पता चला कि वह एक व्यक्ति के लगातार संपर्क में थी। बाद में उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई, जो कथित तौर पर सिया का प्रेमी है। पुलिस ने तकनीकी सबूतों और खुफिया जानकारी के आधार पर चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं। पुलिस का दावा है कि सिया और चेतन ने मिलकर पहले से पूरी योजना बनाई थी और केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। जांच में यह भी सामने आया कि केतन और सिया की शादी की तैयारियां चल रही थीं और दोनों प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए बाली जाने वाले थे। लेकिन यात्रा से पहले केतन का पासपोर्ट रहस्यमय तरीके से गायब हो गया, जिसके बाद वह यात्रा नहीं हो सकी।

कोर्ट ने सुनाई 7 दिन की पुलिस कस्टडी

इस मामले में गिरफ्तार की गई 26 वर्षीय केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को वडगांव कोर्ट ने 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, कोर्ट की सुनवाई के बाद चेतन चौधरी के वकील राम सहाने ने ऐसा दावा किया है, जिसने पूरे मामले को नई दिशा दे दी है। वकील राम सहाने ने कहा कि इस मामले में आरोपी चेतन चौधरी के खिलाफ एफआईआर में कोई प्रत्यक्ष आरोप या ठोस सबूत मौजूद नहीं हैं। उनका कहना है कि चेतन को केवल सिया गोयल का मित्र होने के आधार पर मामले में शामिल किया गया है। उन्होंने दावा किया कि जांच एजेंसियों ने अब तक ऐसा कोई दस्तावेज या प्रमाण कोर्ट के सामने पेश नहीं किया है, जिससे यह साबित हो सके कि चेतन चौधरी घटना के समय लोहागढ़ इलाके में मौजूद था। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ और सारी कड़ियों को जोड़ने के लिए अदालत से सात दिन की पुलिस कस्टडी की मांग की थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *