G-6J2VDTQNQL

गुरुग्राम में एक महिला बाइकर के साथ हिट एंड रन का मामला सामने आया है। गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को एक कार ने महिला की स्पोर्ट्स बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई, जबकि उनकी बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाइक सवार महिला की पहचान सिया के रूप में हुई है। सिया ने घटना की जानकारी अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर साझा की है। उनके मुताबिक, वह रविवार को अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक से अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर राइड कर रही थीं। इसी दौरान एक कार में सवार कुछ लोग कथित तौर पर उनका पीछा करने लगे। सिया का आरोप है कि कार उनके काफी करीब आ गई और उसमें बैठे लोगों ने उनके साथ बदतमीजी शुरू कर दी। उन्होंने कार सवारों से दूरी बनाए रखने को कहा। आरोप है कि इसके बावजूद कार में बैठे लोगों ने उन्हें बाइक रोकने के लिए कहा। सिया के अनुसार, कार सवार नशे में नजर आ रहे थे। सिया का आरोप है कि कुछ देर बाद कार ने उन्हें ओवरटेक किया और उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिया बाइक से गिर गईं और उन्हें चोटें आईं। वहीं, उनकी स्पोर्ट्स बाइक सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद कार चालक ने रुकने के बजाय वहां से गाड़ी भगा दी।

पूरी घटना बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सिया ने कैमरे में कैद वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में कार के बाइक को टक्कर मारने और बाइक के सड़क पर घिसटने का दृश्य दिखाई दे रहा है। इस वीडियो के आधार पर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में कार मालिक मनीष का बयान भी सामने आया है। मनीष ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह कार नहीं चला रहा था। उसके मुताबिक, उस समय उसका दोस्त कल्याण कार चला रहा था। पुलिस ने कार मालिक के बयान को भी जांच में शामिल कर लिया है और घटना के समय कार कौन चला रहा था, इसकी पुष्टि की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। महिला बाइकर के आरोप, सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और कार मालिक के बयान समेत अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और घटना के लिए जिम्मेदार कौन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *