G-6J2VDTQNQL

रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में दीपावली की रात सड़क पर कार को साइड देने के लिए हॉर्न बजाना एक युवक की जान जाने का कारण बन गया। रंगामाटी में हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। इस घटना में 27 वर्षीय कांगरेश महतो की चाकू लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। परिवार में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, गोमियाकोचा विजयगिरि निवासी कांगरेश महतो दीपावली की रात अपने चार-पांच रिश्तेदारों के साथ रंगामाटी स्थित एक वाइन शॉप पहुंचा था। वहां से शराब खरीदने के बाद सभी लोग दुकान से कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सड़क से एक कार गुजरी। रास्ते में लोगों के मौजूद रहने के कारण कार चालक ने साइड देने के लिए हॉर्न बजाया। आरोप है कि इसी बात को लेकर कार में सवार लोगों और वहां बैठे युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जाता है कि कार में पांच से छह लोग सवार थे। पहले दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई और फिर विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान कांगरेश महतो पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हालांकि, चाकू से हमला किस व्यक्ति ने किया, इसकी पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कांगरेश के रिश्तेदार उसे गंभीर हालत में निजी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

कांगरेश महतो की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। परिवार में उसकी मां और पत्नी हैं। परिजनों के अनुसार, वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसी के सहारे पूरे परिवार का खर्च चलता था। पति की अचानक मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बेटे को खोने के बाद मां भी गहरे सदमे में हैं। जिस परिवार में दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलने के बाद तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई और विवाद में शामिल लोगों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का मुख्य ध्यान चाकू से हमला करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और विवाद की असली वजह का पता लगाने पर है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *