हजारीबाग: चौपारण की दनुआ घाटी में सोमवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां टैंकर की जोरदार टक्कर से यात्रियों से भरा सवारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, अटका-बगोदर क्षेत्र के लोग एक शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान दनुआ घाटी में पीछे से आ रहे एक टैंकर ने उनके सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में बैठे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआत में वाहन में 10 से 12 लोगों के सवार होने की जानकारी मिली थी, लेकिन बाद में पता चला कि उसमें कुल 18 लोग सवार थे। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। सभी 13 घायलों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसबीएमसीएच), हजारीबाग रेफर किया गया है। इनमें तीन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद दनुआ घाटी में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। Post navigation 15 नवंबर को बिरसा चौक पर आमरण अनशन करेंगे आंदोलनकारी, पुष्कर महतो बोले- अब अधिकार लेकर रहेंगे दीपावली की रात हॉर्न बजाने पर खूनी संघर्ष, चाकू मारकर 27 वर्षीय युवक की हत्या