झारखंड के लातेहार जिले की रहने वाली दो सगी बहनों के साथ बिहार की राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र में कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। डांस कार्यक्रम के बहाने ले जाया गया, पुलिस ने शुरू की जांच जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें पटना के मीठापुर इलाके में रहकर डांस कार्यक्रमों में हिस्सा लेती हैं। बताया गया है कि 18 जून को मुन्ना कुमार नाम के एक व्यक्ति ने एक तिलक समारोह में डांस कार्यक्रम के लिए दोनों बहनों को 8 हजार रुपये में बुक किया था। आरोप है कि कार्यक्रम के नाम पर वह दोनों बहनों को स्कूटी से अपने गांव नौबतपुर ले गया। पीड़िताओं का आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद मुन्ना कुमार, उसके चचेरे भाई सूरज कुमार, भानू कुमार और अन्य युवकों ने उनके साथ जबरदस्ती की। दोनों बहनों ने आरोप लगाया है कि पूरी रात उनके साथ गलत व्यवहार किया गया और उन्हें वहां से जाने नहीं दिया गया। पीड़िताओं के अनुसार, अगले दिन 19 जून को सूरज कुमार उन्हें वापस मीठापुर छोड़ने के लिए लेकर निकला। रास्ते में फुलवारीशरीफ इलाके में पहुंचने पर दोनों बहनों ने मौका देखकर शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को अपने संरक्षण में लेकर थाने पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही नौबतपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई और पीड़िताओं के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़िताओं के आवेदन के आधार पर तीन नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे। घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है तथा जल्द न्याय की मांग की जा रही है। Post navigation NH-19 पर हादसे का कहर, डंपर से भिड़ी रेखा बस- एक मृत, 22 घायल