कथारा में महासम्मेलन में सरकार से अधिकार देने की मांग, पेटरवार व गोमिया प्रखंड कमेटी का भी गठन झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा बोकारो जिला के तत्वावधान में बुधवार को सीसीएल कथारा क्षेत्र स्थित स्टाफ क्लब में झारखंड अलग राज्य आंदोलनकारियों का महासम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में आंदोलनकारियों ने अपने अधिकारों और अपने बाल-बच्चों व आश्रितों के हक की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया। इस दौरान 29 सितंबर को मशाल जुलूस और 30 सितंबर 2026 को संपूर्ण झारखंड बंद का ऐलान किया गया। मोर्चा के नेताओं ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के लिए आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया है। उनके संघर्ष और शहादत के इतिहास को भुलाया नहीं जा सकता। सम्मेलन में सरकार से आंदोलनकारियों के अधिकारों को पूरा करने की मांग की गई। अस्तित्व और पहचान की लड़ाई जारी रहेगी : विदेशी महतो मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष विदेशी महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन के अस्तित्व, अस्मिता और पहचान को मिटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों ने संघर्ष किया है और आगे भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के इतिहास को बचाना सभी की जिम्मेदारी है। 26 प्रतिशत रॉयल्टी और मालिकाना हक की मांग – पुष्कर महतो मोर्चा के संस्थापक व प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने सरकार से आंदोलनकारियों को सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अधिकार देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों को उनका मालिकाना हक मिलना चाहिए। साथ ही समता जजमेंट के तहत 26 प्रतिशत रॉयल्टी का अधिकार देने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी अपने बच्चों और आश्रितों के अधिकारों की रक्षा के लिए 30 सितंबर को आंदोलन को निर्णायक रूप देने के लिए सड़क पर उतरेंगे। जल-जंगल-जमीन के मुद्दे पर एकजुटता कार्यकारी अध्यक्ष रोजलीन तिर्की ने कहा कि जल-जंगल-जमीन के साथ मजदूर, किसान और विस्थापित भी अब संगठन के बैनर तले एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से पूर्व में दिए गए आश्वासनों को पूरा करने की मांग की। बोकारो जिला अध्यक्ष राजदेव माहथा ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कथारा के अलावा गोमिया, बेरमो, जरीडीह, पेटरवार और कसमार में भी बैठकें और महासम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने झारखंड की भाषा, संस्कृति, जमीन और अलग राज्य आंदोलन के मूल्यों की रक्षा की मांग की। पेटरवार और गोमिया में नई कमेटी गठित महासम्मेलन के दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए पेटरवार और गोमिया प्रखंड कमेटी का चुनाव भी कराया गया। जिला अध्यक्ष राजदेव माहथा की देखरेख में दोनों प्रखंडों के पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। पेटरवार प्रखंड: अध्यक्ष मो. इस्लाम, उपाध्यक्ष मो. मुख्तार, शंकर पासवान व मो. रुस्तम, सचिव मो. अयुब, सह-सचिव अब्दुल जब्बार व सुखदेव महतो तथा कोषाध्यक्ष मो. खुर्शिद चुने गए। गोमिया प्रखंड: अध्यक्ष कुलेश्वर पासवान, उपाध्यक्ष शाने रजा अंसारी, वीर सिंह बसेरा व श्याम देव सोरेन, सचिव लवनाथ देव, सह-सचिव शिव शंकर राय व हीरा लाल सोरेन तथा कोषाध्यक्ष जलेश्वर पासवान चुने गए। ये रहे मौजूद सम्मेलन की अध्यक्षता मो. इस्लाम ने की, जबकि संचालन शाने रजा अंसारी ने किया। मौके पर पूर्व मुखिया पंचानंद महतो, मुखिया बिनोद रजवार, जिला महासचिव खगेन्द्र नाथ वर्मा, करम चांद हांसदा, मो. मेहबुब, काशी नाथ केवट, गोपाल पासवान, दशरथ महतो, परमेश्वर मंडल, साधन माहथा, बंशी ठाकुर, छोटन राय, दुलाल चंद्र नायक, वीर सिंह बसेरा, हीरा लाल सोरेन, अब्दुल जब्बार, मो. जाकीर, मो. खुर्शिद, अनिल रविदास, गुफा राम, मो. रिजवान सहित सैकड़ों आंदोलनकारी उपस्थित थे। Post navigation बरवाअड्डा थाना विवाद मामले में जयराम महतो को मिली अग्रिम जमानत