मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। 27 जून को राजधानी रांची के विभिन्न इलाकों से मुहर्रम के जुलूस निकाले जाएंगे। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने लोगों से अपील की है कि यदि बहुत जरूरी काम न हो तो जुलूस के दौरान अपने निजी वाहनों से बाहर निकलने से बचें। सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध ट्रैफिक एसपी ने बताया कि मुहर्रम का पर्व 26 और 27 जून को मनाया जाएगा। 27 जून को शहर में निकलने वाले जुलूसों को देखते हुए सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। जुलूस समाप्त होने तक इन मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार किशोरी यादव चौक से अपर बाजार महावीर मंदिर होते हुए शहीद चौक तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। शहीद चौक से अपर बाजार की ओर जाने वाले वाहन भी नहीं चल सकेंगे। सुभाष चौक से अपर बाजार और महावीर मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर भी सामान्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके अलावा कचहरी चौक से शहीद चौक और अल्बर्ट एक्का चौक की ओर जाने वाले मार्ग, चडरी तालाब से अल्बर्ट एक्का चौक, प्लाजा चौक से अल्बर्ट एक्का चौक और पुरुलिया रोड से सर्जना चौक तक आने वाले वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। एसएन गांगुली रोड, विष्णु गली, बुढ़िया गली और राधेश्याम गली से मेन रोड की ओर जाने वाले रास्तों को भी बंद रखा जाएगा। वहीं सुजाता चौक, वूल हाउस, कर्बला चौक, कडरू, रेडिसन ब्लू होटल मार्ग, कमांडेंट आवास मोड़, मेकॉन चौक, राजेंद्र चौक और तुलसी चौक से अंबेडकर चौक की ओर आने वाले सामान्य वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि जुलूस के दौरान भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए शहर के अन्य मार्गों पर भी आवश्यकता अनुसार डायवर्जन लागू किया जा सकता है। ऐसे में वाहन चालकों से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं को मिलेगी विशेष सुविधा ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को विशेष रूट उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मरीजों और जरूरतमंद लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर लोग ट्रैफिक पुलिस से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और जुलूस के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्तैद रहेंगी ताकि मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। Post navigation पारण परेड में सीएम हेमंत सोरेन का संदेश, पुलिस की वर्दी सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक