डेल्हा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान कार से मिली शराब की बोतल, एक आरोपी पटना और दूसरा कोलकाता का रहने वाला बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब लेकर घूमना दवा कंपनी के दो पदाधिकारियों को महंगा पड़ गया। डेल्हा थाना पुलिस ने गुरुवार रात वाहन जांच के दौरान एक कार से शराब की बोतल बरामद की। कार में सवार दोनों लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार, निवासी पटना और अंकित राय, निवासी कोलकाता के रूप में हुई है। दोनों दवा कंपनी में पदाधिकारी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात डेल्हा थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से शराब की एक बोतल मिली। बिहार में शराब रखना, पीना और एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाना प्रतिबंधित है। ऐसे में पुलिस ने कार सवार दोनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। बाद में शराबबंदी कानून के तहत दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। धनतेरस पर क्लाइंट को शराब गिफ्ट देने की चर्चा इस मामले को लेकर चर्चा है कि दोनों दवा कंपनी के पदाधिकारी धनतेरस के मौके पर गया में अपने क्लाइंट से मिलने आए थे। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि दोनों शहर में घूम-घूमकर अपने क्लाइंट को शराब की बोतलें गिफ्ट कर रहे थे। इसके बाद दोनों कार से पटना लौट रहे थे। इसी दौरान डेल्हा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। हालांकि, क्लाइंट को शराब की बोतलें गिफ्ट देने की बात की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि वाहन की तलाशी में शराब बरामद हुई है और इसी आधार पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शराब कहां से लाई गई, इसकी जांच कर रही पुलिस डेल्हा थाना के इंस्पेक्टर वेंकटेश ओझा ने दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वाहन जांच के दौरान कार से शराब की बोतल बरामद की गई थी। शराबबंदी कानून के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया जाएगा। Post navigation पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, तीन कुख्यात बदमाश ढेर; मनेर थानाध्यक्ष भी घायल