चौका। चौका थाना क्षेत्र के झाबरी गांव के पास टाटा-रांची हाइवे (NH-33) पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से रांची जा रही यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में गिरिडीह निवासी सुखदेव दास समेत एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में कुल 25 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बस से बाहर निकालकर इलाज के लिए चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है। एक लेन में थमी रफ्तार; क्रेन से हटाई गई दुर्घटनाग्रस्त बस बताया गया कि बस कोलकाता से यात्रियों और उनके सामान को लेकर रांची जा रही थी। इसी दौरान झाबरी गांव के पास चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस सड़क पर पलट गई। हादसे में बस में सवार अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, उन्हें दूसरे वाहनों की मदद से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। बस के सड़क पर पलटने से NH-33 की एक लेन पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। बड़ामटांड़ से झाबरी के बीच वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। पुलिस ने हाइड्रा और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। चौका थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना की सही वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। Post navigation रांची के बेड़ो में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर में पीछे से घुसी कार; दो लोगों की मौत की सूचना