राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गुरुवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बापू वाटिका पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया। गांधीजी ने अपने विचारों और आदर्शों से देश को दिशा दी – हेमंत सोरेन इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि गांधी जयंती देश के इतिहास का ऐसा महत्वपूर्ण दिन है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी लोग यहां एकत्र होकर महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को महान बनाने में उन विभूतियों का बड़ा योगदान रहा है, जिन्होंने अपने विचारों और आदर्शों से देश को दिशा दी। महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता का संदेश पूरी दुनिया को दिया। उनके विचार आज भी समाज और आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते हैं। हेमंत सोरेन ने कहा कि बापू के विचार और जीवन दर्शन हमेशा मानवता को सही रास्ता दिखाते रहेंगे। राज्य सरकार उनके सिद्धांतों को अपनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और उसके कल्याण के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बापू वाटिका परिसर गांधी जी के प्रिय भजनों और देशभक्ति गीतों से गूंजता रहा। पूरे परिसर में श्रद्धा और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। Post navigation रांची के बेड़ो में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर में पीछे से घुसी कार; दो लोगों की मौत की सूचना