राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिले में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों की प्रगति, कानून-व्यवस्था की स्थिति और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर आम लोगों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाए, ताकि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बन सके। लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित समाधान किया जाए, जिससे पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हो। नशा तस्करों और अवैध हथियार कारोबारियों पर कसेगा शिकंजा एसएसपी ने अपराधियों, असामाजिक तत्वों और जेल से बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों की निगरानी की जाए, ताकि किसी भी संभावित अपराध को समय रहते रोका जा सके। बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, मोबाइल और बैग गुम होने से जुड़े मामलों का भी तेजी से निपटारा करने को कहा गया। एसएसपी ने चेन स्नैचिंग, चोरी, गृहभेदन, अवैध हथियारों के कारोबार, नशे के अवैध व्यापार और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। रात्रि गश्ती बढ़ाने और पॉक्सो मामलों में तेजी लाने का निर्देश बैठक में रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे रात के समय नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करें और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें। इससे अपराध पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। पॉक्सो (POCSO) मामलों की भी विशेष समीक्षा की गई। एसएसपी ने कहा कि बच्चों से जुड़े संवेदनशील मामलों की जांच में तेजी लाई जाए और पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके अलावा गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता लोगों की जल्द से जल्द तलाश की जाए। बैठक में लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती, जमानत और अन्य न्यायालय संबंधी प्रक्रियाओं को भी जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि अदालत से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। Post navigation झारखंड में कानून-व्यवस्था पर घमासान, बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर उठाये बड़े सवाल आरएसएस कार्यालय पर हमले की कोशिश पर गरमाई सियासत, भाजपा नेताओं ने जताई चिंता