बाल विवाह और बाल श्रम रोकने से लेकर ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल वापस लाने तक के अनुभव किए साझा, मुख्यमंत्री ने कहा- बच्चों की आवाज और उनके सपनों को महत्व देना जरूरी विश्व बाल दिवस के मौके पर यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर बाल अधिकारों, शिक्षा और बच्चों के भविष्य से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की। गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात में बच्चों ने न केवल अपनी समस्याएं और सवाल रखे, बल्कि अपने स्कूल और समाज में बदलाव लाने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी भी दी। बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक समस्याओं के खिलाफ लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इसके अलावा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में भी सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने माहवारी स्वच्छता, बच्चों में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, पौष्टिक भोजन और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर चलाए गए जागरूकता अभियानों के अनुभव भी साझा किए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बच्चों की बातों को ध्यान से सुना और उनके सवालों का सरल भाषा में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के लिए भी समीक्षा की जाएगी, ताकि वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। खेल में रुचि रखने वाले बच्चों को उनकी प्रतिभा निखारने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के जरिए शिक्षा का स्तर सुधारने की कोशिश हो रही है। इसके साथ ही जिलास्तर पर पुस्तकालयों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ने और ज्ञान बढ़ाने का बेहतर अवसर मिल सके। बाल विवाह रोकने के लिए जागरूकता जरूरी बाल विवाह पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कम उम्र में शादी कराना कानून के खिलाफ है और बच्चों के भविष्य के लिए भी नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शादी तय उम्र पूरी होने के बाद ही होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में काम करना है। माहवारी स्वच्छता को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। बच्चियों और महिलाओं को सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षा को जरूरी बताते हुए कहा कि पढ़ाई से व्यक्ति में सही और गलत को समझने की क्षमता विकसित होती है। बच्चों के आत्मविश्वास की मुख्यमंत्री ने की सराहना मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल पत्रकार जिस जागरूकता और आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों की बात रखते हैं, वह उन्हें हमेशा प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि आज ये बच्चे जिस तरह स्पष्टता के साथ अपने विचार रख रहे हैं, उससे भविष्य में उनके नेतृत्वकर्ता बनने की उम्मीद दिखाई देती है। इस दिशा में सभी को मिलकर काम करना होगा और हर बच्चे की आवाज को महत्व देना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। किसी बच्चे के सवाल, विचार और सपने को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। सरकार की कोशिश है कि हर बच्चे को सुरक्षित माहौल मिले और उसे पढ़ने, अपनी बात रखने तथा आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि बाल पत्रकारों के अनुभव दूसरे बच्चों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। बच्चों की राय से योजनाओं को बेहतर बनाने में मिलेगी मदद मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की ओर से उठाए गए मुद्दे उनके जीवन से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों को सामने लाते हैं। बच्चों से बातचीत करने पर यह समझने में मदद मिलती है कि सरकार की योजनाओं का लाभ उन तक पहुंच रहा है या नहीं और उनकी जरूरतें पूरी हो रही हैं या नहीं। उन्होंने यूनिसेफ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी बात रखने का अवसर देते हैं और समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाते हैं। इस मौके पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल योजनाओं का लाभ लेने वाला नहीं, बल्कि उनके जीवन से जुड़े फैसलों में भागीदार भी बनाया जाना चाहिए। बच्चों की आवाज में बदलाव लाने की ताकत है और बाल पत्रकार इसका उदाहरण हैं। उन्हें सही जानकारी, आत्मविश्वास और अपनी बात रखने का मंच मिले, तो वे अपने आसपास सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। यूनिसेफ झारखंड की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि गरीबी, भौगोलिक परिस्थितियां और लैंगिक असमानता आज भी कई बच्चों के विकास में बाधा हैं। ऐसे में बच्चों को प्राथमिकता देना जरूरी है। बच्चों की शिक्षा और विकास में किया गया निवेश पूरे समाज के बेहतर भविष्य की नींव रखता है। कार्यक्रम में बाल पत्रकार सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी शामिल हुए। इनके साथ एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार भी मौजूद थे। Post navigation पुष्कर महतो की पहल लाई रंग, हेमंत-कल्पना सोरेन के आश्वासन के बाद झारखंड आंदोलनकारियों का आमरण अनशन स्थगित छात्रवृत्ति की राशि में देरी पर मंत्री चमरा लिण्डा सख्त, जिलों को जल्द भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश