G-6J2VDTQNQL

सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। राजधानी रांची के चुटिया थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके बाद थाना परिसर में उसकी परेड कराई गई और लिखित माफीनामा लेने के बाद उसे पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई रील

यह मामला रांची के चुटिया थाना का है। जानकारी के अनुसार, साहिल महतो नाम के एक युवक ने सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के उद्देश्य से चुटिया थाना परिसर के अंदर रील बनाया। वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद उसने इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। कुछ ही समय में यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने थाना जैसे संवेदनशील स्थान पर बिना अनुमति रील बनाने पर आपत्ति जताई। जैसे ही यह मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया, उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। अधिकारियों का मानना था कि पुलिस थाना जैसी जगह पर इस तरह की रील बनाना उचित नहीं है और इससे पुलिस की गरिमा प्रभावित होती है। इसके बाद चुटिया थाना पुलिस ने साहिल महतो को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की।

थाना परिसर में कराई गई परेड, युवक ने मांगी माफी

युवक को अपनी गलती का एहसास कराने और दूसरों को भी ऐसा करने से रोकने के लिए पुलिस ने थाना परिसर में उसकी परेड कराई। इसके बाद उससे लिखित में यह माफीनामा लिया गया कि वह भविष्य में दोबारा ऐसी गलती नहीं करेगा। सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया। थाने से बाहर आने के बाद साहिल महतो ने अपनी गलती स्वीकार की। उसने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्ध होने के लिए उसने यह रील बनाई थी, लेकिन अब उसे अपनी गलती का एहसास हो गया है। उसने पुलिस और समाज से माफी मांगते हुए कहा कि वह भविष्य में कभी भी ऐसी हरकत नहीं करेगा। इस कार्रवाई के जरिए रांची पुलिस ने लोगों को साफ संदेश दिया है कि सरकारी कार्यालयों, खासकर पुलिस थानों जैसी संवेदनशील जगहों पर बिना अनुमति रील या मनोरंजन के लिए वीडियो बनाना उचित नहीं है। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था और सरकारी संस्थानों की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *