G-6J2VDTQNQL

रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर दत्तो इलाके में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार बनाने का सामान बरामद किया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, यह अवैध फैक्ट्री लंबे समय से एक घर और लोहार की दुकान की आड़ में चलाई जा रही थी। बाहर से देखने पर यह एक सामान्य लोहार की दुकान लगती थी, लेकिन अंदर अवैध रूप से हथियार बनाने का काम किया जा रहा था।

भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई अर्धनिर्मित पिस्टल, मैगजीन और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए। इसके अलावा हथियार तैयार करने के लिए उपयोग में लाए जाने वाले अन्य सामान भी मौके से जब्त किए गए हैं। पुलिस बरामद सामान की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब तक यहां कितने हथियार बनाए गए और उन्हें किन लोगों तक पहुंचाया गया। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित एक ही परिवार के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और हथियारों की सप्लाई कहां की जाती थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *