रांची के प्रमुख हरमू चौक का नाम अब ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा की ओर से यह नामकरण किया गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। बड़ी संख्या में लोग जुलूस की शक्ल में गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ हरमू चौक पहुंचे। इसके बाद चौक का नाम ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ रखने की घोषणा की गई। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है और देश अलग-अलग क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाना केंद्र सरकार के साथ-साथ देश के नागरिकों का भी संकल्प है। आदित्य साहू ने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के सभी लोगों की भागीदारी और सामूहिक प्रयास जरूरी है। इसी संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरमू चौक का नाम ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि रांची के इस प्रमुख चौक से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। ऐसे में यह चौक लोगों को हर दिन विकसित भारत के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका की याद दिलाता रहेगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य समाज के हर वर्ग की भागीदारी से ही पूरा हो सकता है। युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना इसके महत्वपूर्ण पहलुओं में शामिल है। इसके साथ ही सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत करने, नवाचार और ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने तथा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। आदित्य साहू ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार को भी विकसित भारत की दिशा में जरूरी बताया। उनके मुताबिक इन क्षेत्रों में बेहतर व्यवस्था से लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सकता है। कार्यक्रम में हेमंत दास, शशांक राज, संदीप वर्मा, शोभा यादव, सतीश सिन्हा, सीमा सिंह, सूरज शाहदेव, रमेश सिंह, वरुण साहू, आरती सिंह, सुनील साहू, सुचिता सिंह, रंजीता सिंह और ललित ओझा समेत कई लोग मौजूद रहे। Post navigation एसआईआर मतदाता सूची में अभी तक नहीं जुड़ा नाम? 7 से 9 अक्टूबर तक विशेष कैंप में कराएं आवेदन