G-6J2VDTQNQL

शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा को लेकर रांची में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी बीच रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई।ममुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। सदस्यों ने मुख्यमंत्री से दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने का आग्रह भी किया।

जिला प्रशासन के सहयोग के लिए जताया आभार

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके नेतृत्व में दुर्गा पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से लगातार सहयोग मिल रहा है। पूजा समितियों को आयोजन से जुड़ी किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। प्रशासन के अधिकारी समितियों के साथ लगातार बैठकें कर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और पूजा शुरू होने से पहले ही उनका समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं। समिति के सदस्यों ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग और संवेदनशील रवैये से वे संतुष्ट हैं। उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। साथ ही कहा कि आने वाले वर्षों में भी इसी तरह प्रशासन और पूजा समितियों के बीच सहयोग और समन्वय बना रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री को सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण का निमंत्रण

मुलाकात के दौरान पूजा समितियों के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शारदीय नवरात्रि के अवसर पर रांची के विभिन्न भव्य पूजा पंडालों में सपरिवार आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मातारानी के दर्शन करने और महाआरती में शामिल होने का भी आग्रह किया। समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष भी राजधानी रांची में कई आकर्षक और भव्य पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने समितियों के इस आमंत्रण को स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि वे इस वर्ष दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होंगे। उन्होंने विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर माता रानी का आशीर्वाद लेने की बात भी कही।

पर्यावरण अनुकूल तरीके से मूर्ति विसर्जन पर जोर, पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता के लिए लगेंगे होर्डिंग

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है और इसकी परंपराएं लंबे समय तक चलती रहें, यही सभी की कामना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था और परंपरा को बनाए रखते हुए मूर्ति विसर्जन का काम पर्यावरण के अनुकूल तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि मूर्ति विसर्जन के बाद शहर के तालाबों और अन्य जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती बन सकती है। उन्होंने राज्य सरकार और दुर्गा पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर पर्यावरण अनुकूल विसर्जन की योजना तैयार करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने समितियों से ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने का सुझाव दिया, जहां धार्मिक भावनाओं और श्रद्धा का सम्मान करते हुए सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से मूर्ति विसर्जन किया जा सके। मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समितियों से पूजा पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता से संबंधित बैनर और होर्डिंग लगाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहने के लिए युवाओं और समाज के अन्य लोगों को जागरूक करना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त झारखंड के लक्ष्य को पूरा करने के लिए राज्य सरकार के साथ सामाजिक और धार्मिक संगठनों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने पूजा समितियों से विशेष रूप से युवाओं को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का संदेश देने की अपील की। पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिया कि पूजा पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता से जुड़े बैनर और होर्डिंग लगाए जाएंगे। इसके अलावा पंडालों में अनाउंसमेंट के माध्यम से भी लोगों और खासकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाएगा।

सुरक्षा, बिजली, पानी और यातायात व्यवस्था पर निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति की उपासना और असत्य पर सत्य की विजय का महापर्व है। यह त्योहार समाज में भाईचारे, सुख-समृद्धि और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी देता है। उन्होंने पूजा समितियों को दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिया कि पूरे राज्य में त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बेहतर बनाए रखी जाए। मुख्यमंत्री ने बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

ये सदस्य रहे मौजूद

संयुक्त प्रतिनिधिमंडल में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति से मनोज पांडेय (बबलू), राजेंद्र सिंह, मुनचुन राय, विक्की यादव, राहुल यादव, अशोक चौधरी, राहुल अग्रवाल, अशोक पुरोहित, रमेश गुप्ता और मयंक गिरी शामिल रहे। वहीं रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति की ओर से अजीत सहाय, रवींद्र वर्मा, संजय मिनोचा, सागर कुमार, अमरनाथ सरकार, लखपति साव, विनोद यादव, राजन वर्मा और समीर सिंह मौजूद रहे। शांति समिति की ओर से जय सिंह यादव, बादल सिंह सहित अन्य सदस्य भी मुलाकात में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *