दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ INDIA गठबंधन में शामिल दिल्ली के घटक दल बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर संयुक्त विरोध प्रदर्शन करेंगे। विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी या पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की स्थिति नहीं बननी चाहिए। इससे पहले मंगलवार को भी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की ओर से एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी भी दी। अलग-अलग जगहों से निकाला गया मार्च, कांग्रेस ने लगाया ‘वोट चोरी’ का आरोप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दिल्ली के कई स्थानों से मार्च निकाला। आंबेडकर भवन, 24 अकबर रोड और राजीव भवन समेत विभिन्न जगहों से कार्यकर्ता चुनाव आयोग की ओर बढ़े। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्ति जताई और इसे वापस लेने की मांग की। उनका आरोप है कि मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया में बदलाव के जरिए वोटों के साथ हेराफेरी की जा सकती है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 में बदलाव कर मतदाता सूची में हेराफेरी की जा सकती है। कांग्रेस ने इसे ‘वोट चोरी’ से जोड़ते हुए चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर आखिर तक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग, बुधवार को संयुक्त प्रदर्शन की तैयारी प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की ओर से ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही एसआईआर प्रक्रिया को बंद करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इसी वजह से पार्टी एसआईआर को लेकर लगातार विरोध दर्ज करा रही है। एसआईआर के विरोध में बुधवार को दिल्ली में आईएनडीआईए गठबंधन के दिल्ली के घटक दल एक साथ प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर किया जाएगा। विपक्षी दलों के संयुक्त प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए मार्च और गिरफ्तारियों के बाद अब गठबंधन के अन्य दल भी एसआईआर के खिलाफ अपनी आवाज उठाने की तैयारी में हैं। Post navigation जंतर-मंतर प्रदर्शन में गिरफ्तार 17 छात्रों और पत्रकारों को मिली जमानत