वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के कैलास नगर निवासी राजा कुमार वर्मा के परिवार को झारखंड सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर यह राशि ‘मुख्यमंत्री झारखण्ड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना’ के तहत स्वर्गीय राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को प्रदान की गई। श्रम मंत्री और राज्यसभा सांसद ने दिवंगत के परिजनों को सहायता राशि सौंपी। वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में काम कर रहे थे राजा कुमार वर्मा राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में काम कर रहे थे। इसी दौरान वे एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने उनका पार्थिव शरीर वियतनाम से रांची लाने के लिए राज्य सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। शव को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए विदेश मंत्रालय और वियतनाम की राजधानी हनोई स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क और समन्वय किया गया। सरकारी स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर वियतनाम के हनोई से कोलकाता हवाई अड्डे लाया गया। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को रांची स्थित पैतृक आवास तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। रांची जिला प्रशासन ने परिवार की मदद के लिए कोलकाता हवाई अड्डे से रांची तक शव को नि:शुल्क एम्बुलेंस के जरिए पहुंचाने की व्यवस्था की। इसके बाद 5 अक्टूबर को राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रांची लाकर परिजनों को सौंप दिया गया था। राज्य सरकार के अनुसार, प्रवासी श्रमिकों और विदेश में काम करने वाले झारखंड के लोगों से जुड़े मामलों में जरूरत पड़ने पर सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। राजा कुमार वर्मा के मामले में भी सरकार ने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने की प्रक्रिया पूरी कराई। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई है। Post navigation जमशेदपुर में रेस्टोरेंट गोलीकांड का हिसाब! पुलिस से भिड़े दो शूटर, जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में लगी गोली