युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई के बहुप्रतीक्षित आयोजन ‘एक्सपो उत्सव 2026’ की शुरुआत बुधवार, 1 अक्टूबर से मोरहाबादी मैदान में हो गई। आयोजन का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। इस मौके पर जेसीआई के पदाधिकारी, सदस्य, कारोबारी, महिला उद्यमी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मंच संचालन जेसी निखिल अग्रवाल ने किया। जेसीआई के अध्यक्ष सीए अभिषेक जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि रांची में ‘त्योहार’ के रूप में पहचान बना चुका यह एक्सपो 7 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष एक्सपो उत्सव अपनी 29वीं वर्षगांठ मना रहा है। मेले में देश के अलग-अलग शहरों से कारोबारी और कंपनियां अपने उत्पादों और सेवाओं के साथ शामिल हुई हैं। एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि इस सात दिवसीय आयोजन में करीब 400 स्टॉल लगाए गए हैं। सभी स्टॉल वातानुकूलित हैं। यहां बड़े ब्रांड्स के साथ स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स सहित कई तरह के उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। महिलाओं के लिए विशेष रूप से ‘पिंक हैंगर’ तैयार किया गया है, जहां केवल महिला उद्यमियों को स्टॉल दिए गए हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए एक्सपो परिसर में एम्यूजमेंट पार्क भी बनाया गया है, जिसमें अलग-अलग तरह के झूले और मनोरंजन के साधन मौजूद हैं। स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता पर राज्यपाल ने दिया जोर उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड के स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन, आधुनिक तकनीक और प्रभावी ब्रांडिंग के जरिए झारखंड के उत्पादों को देश और दुनिया के बाजार तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने तसर सिल्क का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड के कई अन्य स्थानीय उत्पादों में भी आगे बढ़ने की काफी संभावनाएं हैं। राज्यपाल ने कहा कि उद्यमिता आत्मनिर्भरता, रोजगार और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। झारखंड के युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें सही मार्गदर्शन, अवसर और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपने विचारों को नए उद्यमों में बदल सकें। उन्होंने डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तकनीक की मदद से छोटे कारोबारी भी अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचा सकते हैं। इसके लिए उत्पाद की गुणवत्ता, ग्राहकों का विश्वास और बेहतर सेवा पर ध्यान देना जरूरी है। राज्यपाल ने युवाओं से नए प्रयोग करने, नई तकनीक सीखने और समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कारोबार के साथ ईमानदारी, गुणवत्ता और सामाजिक जिम्मेदारी को भी महत्व दिया जाना चाहिए। ग्राहक का विश्वास किसी भी व्यवसाय की बड़ी पूंजी है। उन्होंने उद्यमियों से शिक्षा और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में भी योगदान देने की अपील की। राज्यपाल ने एक्सपो उत्सव को उत्पादों, सेवाओं और उद्यमियों को एक मंच पर लाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया और जेसीआई रांची को इसके लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य में युवा शक्ति, उद्यमिता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक्सपो नए विचारों को आगे बढ़ाने और झारखंड के उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने में मदद करेगा। जूनियर मास्टरशेफ से डॉग शो तक, हर दिन होंगे खास कार्यक्रम एक्सपो के पहले दिन बच्चों के लिए जूनियर मास्टरशेफ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें करीब 40 बच्चों ने हिस्सा लिया और अलग-अलग तरह के व्यंजन तैयार किए। प्रतियोगिता में बेहतर और स्वादिष्ट व्यंजन बनाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की संयोजक जेसीरेट सुजाता पोद्दार, जेसीरेट प्रियंका टिबड़ेवाल और जेसीरेट गुरप्रीत कौर रहीं। 2 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता, ट्रेजर हंट और तंबोला का आयोजन होगा। 3 अक्टूबर को डॉग शो और ‘वॉइस ऑफ एक्सपो’, 4 अक्टूबर को ‘एक्सपो टैंक’ और डांस प्रतियोगिता होगी। वहीं 7 अक्टूबर को योग प्रतियोगिता और ‘बुटिक्स एक्सपो फैशन शो’ का आयोजन किया जाएगा। एक्सपो में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए क्यूआर कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। इसके अलावा प्रवेश टिकट की बुकिंग भी इसी माध्यम से की जा सकती है। 3 अक्टूबर की रात खास, देर रात तक खुले रहेंगे स्टॉल इस बार रांचीवासियों के लिए 3 अक्टूबर को नाइट मार्केट का भी आयोजन किया जाएगा। रात 9 बजे से 12 बजे तक एक्सपो के सभी स्टॉल खुले रहेंगे। इस दौरान लाइव बैंड की प्रस्तुति भी होगी। वहीं 6 अक्टूबर को ‘भजन जैमिंग’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बाहर से आए कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। कई बड़े ब्रांड्स आयोजन से जुड़े ‘एक्सपो उत्सव 2026’ के प्रिंसिपल स्पॉन्सर पंचरत्न स्काईलाइन हैं। टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी आयोजन के पावर्ड पार्टनर हैं। इसके अलावा शहर और देश के कई प्रमुख ब्रांड्स अलग-अलग श्रेणियों में सहयोगी के रूप में जुड़े हैं। इनमें होटल चाणक्य हॉस्पिटैलिटी पार्टनर, मोशन एजुकेशन पार्टनर, बुद्धा टोयोटा ऑटोमोबाइल पार्टनर, श्री अलंकार ज्वेलरी पार्टनर, श्नाइडर इलेक्ट्रिक इलेक्ट्रिक पार्टनर, प्रभुजी फूड पार्टनर, वॉव डिटेलिंग डिटेलिंग पार्टनर, बागला सिक्योरिटी पार्टनर, बलीफिया फोटोग्राफी पार्टनर, NTPC माइनिंग पार्टनर, आराध्या ट्रैवल पार्टनर, अपना मार्ट ग्रोसरी पार्टनर, मी एंड मॉम्स लाइफस्टाइल पार्टनर, एटीसी स्वच्छ पार्टनर, कैफेनाटर्स बेवरेज पार्टनर और रेडियो धूम रेडियो पार्टनर के रूप में शामिल हैं। उद्घाटन समारोह में जेसीआई के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में को-ऑर्डिनेटर जेसी सौरभ जालान, जेसी राहुल टिबरेवाल, जेसी सौरव नारेड़ी, जेसी सीए दीपक पटेल, जेसी ऋषभ जालान, जेसी अनिमेश निखिल सहित संस्था के कई पदाधिकारी और पूर्व अध्यक्ष मौजूद रहे। लेडीज विंग की ओर से जेसीरेट तृष्णा अग्रवाल, अध्यक्ष जेसीरेट खुशबु सिंघानिया और सचिव जेसीरेट नलिनी जैन समेत अन्य सदस्य शामिल हुए। एक्सपो से जुड़ी यह जानकारी आयोजन के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने साझा की। Post navigation सिल्ली अंचल कार्यालय का अमीन 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथों पकड़ा