G-6J2VDTQNQL

रांची के टाटीसिल्वे क्षेत्र स्थित चुनरी फॉल में मंगलवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती अपने प्रेमी के साथ घूमने के लिए फॉल पहुंची थी। शाम के समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद युवक और आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान अनगड़ा थाना क्षेत्र के तुरूप गांव की रहने वाली प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया है कि प्रियंका खेलगांव में काम करती थी। मंगलवार को वह रामगढ़ निवासी रफीक अंसारी के साथ चुनरी फॉल घूमने गई थी। रफीक पेंट और चूना लगाने का काम करता है। जानकारी के मुताबिक, दोनों फॉल के आसपास घूम रहे थे और कुछ समय साथ बिताने के बाद अचानक युवती की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

संदिग्ध हालात में मौत, जांच में जुटी पुलिस

युवती की मौत की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के समय मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है और युवक से भी पूछताछ कर रही है। प्रेम-प्रसंग से जुड़े इस मामले में युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मौत का सही कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत कैसे हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *