ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत जनरल कोच में की गई जांच, बाथरूम के पास लावारिस बैग में रखी थीं शराब की बोतलें रांची: रेलवे के जरिए शराब की अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत RPF ने रांची रेलवे स्टेशन पर 52 बोतल शराब बरामद की है। सोमवार को हुई इस कार्रवाई में जब्त शराब की कुल मात्रा 16.200 लीटर बताई गई है। इसकी बाजार कीमत करीब 18,400 रुपये आंकी गई है। शराब को एक काले रंग के लावारिस बैग में छिपाकर रखा गया था। RPF से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे RPF फ्लाइंग टीम रांची और RPF पोस्ट रांची की संयुक्त टीम स्टेशन पर जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18622 एक्सप्रेस के जनरल कोच में तलाशी ली गई। कोच के बाथरूम के पास एक संदिग्ध काला बैग दिखाई दिया। टीम ने आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के मालिक के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद RPF जवानों ने बैग की जांच की। उसमें ब्लेंडर्स प्राइड की 750 एमएल वाली 12 बोतलें और मैकडॉवेल्स डबल ओक बैरल की 180 एमएल वाली 40 बोतलें मिलीं। इस तरह बैग से कुल 52 बोतल शराब बरामद हुई। जब्त शराब उत्पाद विभाग को सौंपी जाएगी RPF फ्लाइंग टीम के एसआई रवि शेखर ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शराब और बैग को जब्त कर लिया। जब्त सामान को RPF पोस्ट रांची लाया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए 24 नवंबर को इसे उत्पाद विभाग, रांची को सौंपा जाएगा। तस्करी रोकने के लिए जांच अभियान जारी मंडल सुरक्षा आयुक्त रांची आशीष कुमार पाण्डेय के निर्देश पर रेलवे सुरक्षा बल ट्रेनों और रेलवे परिसरों में लगातार जांच अभियान चला रहा है। ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत संदिग्ध सामान की जांच की जा रही है, ताकि ट्रेनों के माध्यम से शराब की अवैध ढुलाई पर रोक लगाई जा सके। RPF ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी। Post navigation रांची में टाइगर मोबाइल की टीमों का कार्यक्षेत्र बदला, 63 यूनिटों में नए सिरे से हुई तैनाती रांची में मांस की दुकानों पर अब नहीं होगी कटाई, 5 दिसंबर से कांके स्लॉटर हाउस में शुरू होगा ट्रायल