G-6J2VDTQNQL

लोहरदगा में गुरुवार को अपराधियों ने एक के बाद एक तीन बड़ी वारदातों को अंजाम देकर पूरे शहर में दहशत फैला दी। कुछ ही घंटों के भीतर ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश, एक युवा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या और पेट्रोल पंप पर लूट के प्रयास की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं के बाद शहर के व्यापारियों और आम लोगों में भय का माहौल है।

सबसे पहले अपराधियों ने शहर के एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया। हथियार के बल पर लूट की कोशिश की गई, लेकिन दुकान संचालक की बहादुरी और सूझबूझ के कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। विरोध होते ही अपराधी वहां से भाग निकले। इसके कुछ ही समय बाद अपराधियों ने पतरा टोली स्थित प्रिया स्टोर में धावा बोल दिया। यहां दुकान के मालिक 25 वर्षीय शुभम कुमार साहू को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से शुभम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

व्यवसायी की हत्या के बाद अपराधियों ने शहर के एक पेट्रोल पंप को भी निशाना बनाया। हालांकि वहां मौजूद कर्मचारियों की सतर्कता के कारण लूट की कोशिश नाकाम हो गई और बदमाश बिना सफलता के वहां से भाग निकले। घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। एक ही दिन में लगातार तीन बड़ी आपराधिक घटनाओं ने लोहरदगा के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर युवा व्यवसायी शुभम कुमार साहू की हत्या के बाद व्यापारियों में नाराजगी और असुरक्षा की भावना है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, लगातार हुई इन घटनाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *