झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के मामलों को लेकर भाजपा ने आंदोलन तेज कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में गुरुवार को संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने झारखंड के भाजपा सांसदों ने एक घंटे का मौन उपवास रखा। इस दौरान पार्टी ने जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग दोहराई। मीडिया से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा झारखंड के छात्रों और युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा और अब इस मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। 1 अगस्त को सभी 24 जिलों में होगा धरना, छह वर्षों की भर्ती परीक्षाओं की जांच की मांग आदित्य साहू ने बताया कि छात्रों के आंदोलन के समर्थन में 1 अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में भाजपा धरना देगी। इसके अलावा 31 जुलाई की शाम को सभी जिलों में मशाल जुलूस भी निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि आंदोलन कर रहे छात्रों को यह महसूस हो कि वे अकेले नहीं हैं और उनके साथ एक राजनीतिक दल मजबूती से खड़ा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में राज्य में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती समेत कई भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि हाल की 14वीं जेपीएससी परीक्षा में भी अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। ऐसे में सरकार को सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप, बारिश में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का किया जिक्र आदित्य साहू ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में छात्र-युवाओं के मुद्दे पर आवाज उठाने वाली कांग्रेस झारखंड के मामलों में चुप रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक ओर युवाओं के अधिकारों की बात करती है, जबकि दूसरी ओर झारखंड में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवादों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देती। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से छात्र अपने अधिकारों की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। भारी बारिश के बावजूद छात्र धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। CBI जांच की मांग दोहराई, एंटी पेपर लीक कानून का किया समर्थन आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा लगातार जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और न्याय नहीं मिलेगा, तब तक भाजपा इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक उठाती रहेगी। केंद्र सरकार द्वारा सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम से जुड़े संशोधन विधेयक का जिक्र करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि यह कानून परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विपक्ष द्वारा इस विधेयक का विरोध किए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि अच्छे कानूनों का समर्थन होना चाहिए। कई सांसद रहे मौजूद मौन उपवास कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के साथ सांसद बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, ढुल्लू महतो, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह भी मौजूद रहे। Post navigation गोली मारकर कारोबारी की हत्या, लगातार तीन वारदातों से दहला लोहरदगा