G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची के वीआईपी इलाकों में गिने जाने वाले अशोक नगर में देर रात एक चर्चित बिल्डर के घर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। चोर को पकड़ने के दौरान हुई फायरिंग में बिल्डर के बॉडीगार्ड के पैर में गोली लग गई। घायल बॉडीगार्ड को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

देर रात घर में घुसा चोर, तलाश के दौरान हुआ मिसफायर

जानकारी के अनुसार, यह घटना अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित चर्चित बिल्डर निशित केशरी के घर की है। देर रात करीब दो बजे घर में किसी संदिग्ध व्यक्ति के घुसने की आहट मिली। इसके बाद घर में मौजूद लोगों ने चोर को पकड़ने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि चोर के घर में घुसने की सूचना मिलने पर बिल्डर निशित केशरी ने अपनी लाइसेंसी राइफल से हवाई फायरिंग की, ताकि चोर डरकर भाग जाए। साथ ही उन्होंने अपने बॉडीगार्ड को भी इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बॉडीगार्ड अपनी एके-47 राइफल लेकर मौके पर पहुंचा और चोर की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान गेट के पास अचानक उसकी राइफल से मिसफायर हो गया। चली गोली सीधे बॉडीगार्ड के दाएं पैर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच, वीआईपी इलाके में चोरी की कोशिश से बढ़ी चिंता

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा, हटिया डीएसपी नीरज कुमार और अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश गोराई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि घर में चोरी की कोशिश हुई थी। चोर को रोकने के लिए पहले हवाई फायरिंग की गई। बाद में चोर की तलाश के दौरान बॉडीगार्ड की एके-47 राइफल से गलती से गोली चल गई, जो उसके पैर की उंगली में लगी। अशोक नगर राजधानी रांची का एक प्रमुख और सुरक्षित माना जाने वाला इलाका है। ऐसे इलाके में चोरी की कोशिश की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर कौन था और वह मौके से किस दिशा में फरार हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *