G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान घाघरा पंचायत के मधुपुर गांव निवासी सुरेंद्र मुंडा के बेटे रविंद्र मुंडा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दोस्त के साथ घर से निकला था युवक

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात रविंद्र मुंडा अपने बचपन के दोस्त विकास मुंडा के साथ घर से निकला था। इसके बाद वह रातभर घर नहीं लौटा। गुरुवार सुबह गांव के अखड़ा के पास लोगों ने उसका खून से लथपथ शव पड़ा देखा।शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही बेड़ो थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों ने रविंद्र की हत्या का आरोप उसके दोस्त विकास मुंडा पर लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों बचपन के दोस्त थे, लेकिन किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया था। इसी विवाद के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

एक व्यक्ति हिरासत में, पुलिस का क्या कहना है?

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी लगातार छापेमारी कर रही है। रांची के ग्रामीण एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि हत्या की सही वजह और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *