राजधानी रांची के पंडरा ओपी में पुलिस हिरासत के दौरान एक महिला द्वारा आत्महत्या की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में पूछताछ के लिए लाई गई महिला ने थाने के अंदर ही दुपट्टे से फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल उठने लगे हैं। चोरी के आरोप में पूछताछ के लिए लाई गई थी महिला जानकारी के अनुसार, पंडरा ओपी पुलिस मंगलवार रात चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए दिनेश कुमार और उनकी पत्नी अंजली सिन्हा को हिरासत में लेकर थाने लाई थी। दोनों से देर रात तक पूछताछ की गई और उन्हें रातभर थाने में ही रखा गया। दिनेश कुमार का कहना है कि उन्हें और उनकी पत्नी को लॉकअप में नहीं रखा गया था, बल्कि थाने के एक कमरे में साथ बैठाया गया था। उन्होंने बताया कि सुबह करीब पांच बजे तक दोनों साथ थे। इसके बाद वह कुछ देर के लिए कमरे से बाहर गए। इसी दौरान उनकी पत्नी ने अपने दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। दिनेश कुमार का दावा है कि जिस कमरे में वे दोनों बैठे थे, उसके बाहर कई पुलिसकर्मी तैनात थे। वहां एक महिला कांस्टेबल भी मौजूद थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इतनी सुरक्षा और निगरानी के बावजूद महिला ने यह कदम कैसे उठा लिया। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और हिरासत में रखे गए लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की जांच शुरू, सिटी एसपी ने क्या कहा? इस मामले में सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि महिला को चोरी के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान उसने चोरी की बात स्वीकार की थी। उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवर भी बरामद किए गए। सिटी एसपी के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच महिला एक केबिन में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खोला तो वह फंदे से लटकी मिली। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। पुलिस हिरासत में महिला द्वारा आत्महत्या की कोशिश की इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई। Post navigation विदेशी नंबर से आया धमकी भरा मैसेज, प्रिंस खान के नाम पर मांगी 1 करोड़ की रंगदारी रांची के VIP इलाके में आधी रात हड़कंप! बिल्डर के घर चोरी की कोशिश, AK-47 से चली गोली