G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर कारोबारियों से रंगदारी मांगने का मामला एक बार फिर सामने आया है। इस बार बरियातू थाना क्षेत्र के एक कारोबारी को व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजकर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर कारोबारी और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विदेशी नंबर से आया धमकी भरा मैसेज

यह मामला बरियातू थाना क्षेत्र के रानी बगान इलाके का है। यहां रहने वाले कारोबारी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह उनके व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को “प्रिंस खान दुबई” बताया और एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। मैसेज में साफ लिखा था कि यदि तय समय के भीतर पैसे नहीं दिए गए तो कारोबारी और उनके पूरे परिवार की हत्या कर दी जाएगी।

परिवार और गाड़ी की जानकारी भी भेजी

कारोबारी के अनुसार, धमकी देने वाले ने केवल रंगदारी की मांग ही नहीं की, बल्कि उनके परिवार के सदस्यों का भी जिक्र किया। इसके अलावा उनकी कार का नंबर, कार का रंग और अन्य निजी जानकारियां भी मैसेज में लिखी गई थीं। मैसेज में यह भी लिखा गया कि अगर “सेटलमेंट” नहीं किया गया तो उनकी सफेद कार को लाल कर दिया जाएगा। कारोबारी ने इसे सीधे तौर पर जानलेवा हमले की धमकी बताया है। घटना के बाद बरियातू थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए साइबर सेल और तकनीकी टीम भी जुट गई है। पुलिस विदेशी नंबर, व्हाट्सएप अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।

पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले

रांची में पिछले कुछ समय से कई कारोबारियों को गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर धमकी भरे कॉल और व्हाट्सएप मैसेज मिल चुके हैं। इन मामलों में रंगदारी की मांग की जाती रही है। हालांकि, जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि ये संदेश वास्तव में प्रिंस खान की ओर से भेजे जा रहे हैं या फिर कोई अन्य गिरोह उसके नाम का इस्तेमाल कर कारोबारियों में डर पैदा कर रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *