सड़क पर नाला निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। खुदाई कर रही मशीन से जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटते ही गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही देर में गैस में आग लग गई और सड़क पर आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। अचानक आग भड़कने से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही की है। बताया जा रहा है कि इलाके में सड़क पर नाला निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूर मशीन से खुदाई कर रहे थे। तभी मशीन की चपेट में आकर जमीन के नीचे से गुजर रही गैस पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होते ही उसमें से तेजी से पीएनजी गैस बाहर निकलने लगी। गैस का रिसाव बढ़ने के बाद अचानक आग लग गई। सड़क पर आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाके को खाली कराया गया, ताकि गैस रिसाव और आग की चपेट में कोई व्यक्ति न आए। पुलिस और दमकल विभाग को दी गई सूचना घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी। वहीं, अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई। दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंच रही है। फिलहाल गैस पाइपलाइन से रिसाव और आग की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए संबंधित टीमों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना के बाद नाला निर्माण के दौरान जमीन के नीचे मौजूद गैस पाइपलाइन और अन्य सुविधाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। Post navigation दुलारचंद यादव हत्याकांड: अनंत सिंह की जमानत सुप्रीम कोर्ट ने की रद्द, 1 दिसंबर तक सरेंडर का आदेश