जमुआ में आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की बैठक में लिया गया निर्णय, राजकीय सम्मान, पेंशन और रोजगार में झारखंडियों को प्राथमिकता देने की उठी मांग जमुआ: झारखंड आंदोलनकारियों के अधिकारों और सम्मान की मांग को लेकर आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने एक बार फिर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में 15 नवंबर 2026 को रांची के बिरसा चौक पर झारखंड आंदोलनकारियों की ओर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन, धरना और प्रदर्शन किया जाएगा। इस आंदोलन को ‘उलगुलान एक क्रांति का आगाज’ नाम दिया गया है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस संबंध में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की बैठक गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड अंतर्गत चतरो, देवरी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कार्यकारी अध्यक्ष लट्टू पांडेय ने की। बैठक में 15 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियों और आंदोलनकारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मांग की गई कि झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय सम्मान और अलग पहचान दी जाए। उनके बच्चों के लिए रोजगार एवं नौकरी की गारंटी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सम्मान पेंशन का लाभ सभी आंदोलनकारियों को दिया जाए। आंदोलनकारियों ने पेंशन के लिए जेल जाने की अनिवार्यता समाप्त करने की भी मांग उठाई। इसके अलावा दिसोम गुरु शिबू सोरेन को झारखंड आंदोलनकारियों का सर्वोच्च सम्मान देने और इसके लिए गजट अधिसूचना जारी करने की मांग सरकार से की गई। झारखंडियों का रोजगार पर पहला अधिकार : पुष्कर महतो बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि अबुआ सरकार में झारखंड के तमाम रोजगार, रोजी-रोटी और नौकरियों में झारखंडियों का प्रथम अधिकार होना चाहिए। झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय सम्मान और पेंशन पाने का अधिकार है। सरकार उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों और सम्मान से वंचित नहीं रख सकती। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने अलग राज्य के निर्माण के लिए लंबा संघर्ष किया है। अब वे अपने सम्मान, पेंशन और बच्चों के लिए रोजगार तथा नौकरी के अधिकार की मांग कर रहे हैं। इन मांगों को वे संघर्ष के बल पर हासिल करके रहेंगे। संघर्ष के आधार पर लिखनी होगी नई इबारत : इजहार राही मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष इजहार राही ने कहा कि अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए संघर्ष की बुनियाद पर नई इबारत लिखनी होगी। उन्होंने कहा कि जो सरकार झारखंड आंदोलनकारियों की बात सुनेगी, आंदोलनकारी भी उसी सरकार की बात सुनेंगे। उन्होंने आंदोलनकारियों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। महिला आंदोलनकारियों में भी नाराजगी : देवंती भारती महिला नेत्री देवंती भारती ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। उन्होंने आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन आज भी महिला आंदोलनकारियों को वह सम्मान और अधिकार नहीं मिला है, जिसकी वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि इस वजह से महिला आंदोलनकारियों में नाराजगी है। 15 नवंबर को रांची के बिरसा चौक पर होने वाले आंदोलन में महिलाओं का आक्रोश भी देखने को मिलेगा। बैठक की अध्यक्षता जिला कार्यकारी अध्यक्ष लट्टू पांडेय ने की, जबकि संचालन सचिव रघुनाथ सिंह ने किया। अनिता मरांडी ने स्वागत भाषण दिया। इस मौके पर ओमप्रकाश महतो, पौलुस हंसदा, हरिहर तुरी, मोहम्मद वसीम अंसारी, मोहम्मद सुलेमान अंसारी, अर्जुन प्रसाद सिंह, जोसेफ मुर्मू, शीतल किस्कू, पूरन किशोर तुरी, बड़ो सरकार, नकुल सिंह, राम टूटी, व्यास मनी और मनोज महथा समेत कई आंदोलनकारी मौजूद थे। बैठक के अंत में लाच्छो महतो के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। Post navigation निशा भगत की मौत पर भाजपा का आंदोलन, 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद; थाना प्रभारी लाइन हाजिर निशा भगत प्रकरण की जांच सीबीआई को सौंपने का हेमंत सोरेन ने दिया निर्देश, पर्वों पर दी शुभकामनाएं