G-6J2VDTQNQL

भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में दीपावली की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रविवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान रामडिहरा गांव के वार्ड नंबर 17 निवासी रामनरेश यादव के 45 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव और 55 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव के रूप में हुई है। दोनों भाई गाड़ी के व्यवसाय से जुड़े थे। परिजनों का आरोप है कि गाना बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद स्कॉर्पियो चालक ने जानबूझकर लोगों को गाड़ी से कुचल दिया और कुछ लोगों को घसीटता हुआ मौके से फरार हो गया। हालांकि, बिहिया थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में यह सड़क दुर्घटना का मामला लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि गांव के सूर्य मंदिर के पास छठ पूजा के गीत बजाए जा रहे थे। इसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति स्कॉर्पियो से वहां पहुंचा और मृतक के भाई मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज होने लगी। रोहित के अनुसार, इसके बाद मुन्ना यादव ने फोन कर परिवार के अन्य लोगों को घर से बुलाया। इस बीच स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति वहां से चला गया। कुछ देर बाद परिवार के लोग और अन्य ग्रामीण मौके पर इकट्ठा होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी आरोपित दोबारा स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। परिजनों का कहना है कि स्कॉर्पियो चालक ने गाड़ी की रफ्तार कम करने के बजाय और बढ़ा दी। इस दौरान कई लोग उसकी चपेट में आ गए। कुछ लोगों को गाड़ी से घसीटने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो का पीछा किया, लेकिन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।

आरा सदर अस्पताल के ऑन ड्यूटी चिकित्सक अशोक कुमार ने बताया कि पांच से छह लोगों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। इनमें कमलेश यादव की अस्पताल पहुंचने के दौरान ही मौत हो गई। उनके सिर और मुंह से काफी खून बह रहा था। वहीं, दिनेश यादव के सीने पर गाड़ी चढ़ने के कारण गंभीर अंदरूनी चोट आई थी। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। अन्य घायलों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद आगे का इलाज शुरू किया। घायलों में रमेश यादव के 13 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार और राजेश कुमार के 15 वर्षीय पुत्र रितु कुमार भी शामिल हैं। दीपावली की रात हुए इस हादसे से रामडिहरा गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और स्कॉर्पियो चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *