25 नवंबर को पैतृक गांव लदमा में होगी शिवांगी सिंह की शादी, घुड़दौड़ प्रतियोगिता के विजेता को मिलेगी थार गाड़ी मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस शादी को खास और यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। समारोह में राजनीति, फिल्म और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सहित कई प्रमुख लोगों को भी निमंत्रण भेजे जाने की जानकारी है। शादी में सबसे ज्यादा चर्चा होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को मिलने वाले उपहार की है। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह उन्हें करीब ढाई करोड़ रुपये कीमत की लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी भेंट करने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, यह गाड़ी पटना पहुंच चुकी है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि डिफेंडर का कौन-सा वैरिएंट उपहार में दिया जाएगा। इसके टॉप मॉडल की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये तक बताई जाती है। घुड़दौड़ के विजेता को थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक शादी के जश्न को और खास बनाने के लिए घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में जीतने वाले प्रतिभागी को थार गाड़ी देने की तैयारी है, जबकि दूसरे स्थान पर आने वाले को बाइक पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। इस आयोजन के जरिए शादी समारोह में मनोरंजन के साथ प्रतियोगिता का भी रंग देखने को मिलेगा। 10 बीघा में बनेगा पंडाल, 30 फीट ऊंचा होगा जयमाला मंच शिवांगी की शादी के लिए लदमा में करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। जयमाला के लिए लगभग 30 फीट ऊंचा मंच तैयार किया जा रहा है। इसकी सजावट में विदेशी फूलों का इस्तेमाल किया जाएगा। पंडाल और टेंट लगाने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के मऊ से आए कारीगरों को दी गई है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। समारोह में आने वाले मेहमानों के खानपान के लिए भी खास व्यवस्था की जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब चार लाख लोगों के भोजन का इंतजाम किया जा रहा है। मेहमानों को लगभग 150 तरह के व्यंजन परोसे जाएंगे। इसमें बिहार के पारंपरिक पकवानों के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों के मशहूर व्यंजन शामिल होंगे। मिठाइयों में काजू कतली और नालंदा के सिलाव का प्रसिद्ध खाजा भी रखा जाएगा। सोनू सूद से पवन सिंह तक, कई सितारों को न्योता शादी समारोह में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म जगत की कई हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। अभिनेता सोनू सूद, भोजपुरी स्टार पवन सिंह, अक्षरा सिंह और आम्रपाली दुबे को निमंत्रण भेजे जाने की बात कही जा रही है। इनके अलावा सांसद रवि किशन, मनोज तिवारी और प्रसिद्ध गायक उदित नारायण को भी आमंत्रित किया गया है। दुबई से छह मॉडलों को बुलाए जाने की भी चर्चा है। भव्य सजावट, महंगी डिफेंडर गाड़ी, घुड़दौड़ में थार का पुरस्कार और लाखों मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था के कारण अनंत सिंह की बेटी की शादी अभी से सुर्खियों में है। हालांकि, आमंत्रित हस्तियों के समारोह में शामिल होने को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। Post navigation धनतेरस पर क्लाइंट को शराब गिफ्ट देने निकले थे दवा कंपनी के अफसर! बिहार पुलिस ने कार से दबोचा भोजपुर: दीपावली की रात स्कॉर्पियो ने लोगों को रौंदा, दो सगे भाइयों की मौत; पांच घायल