G-6J2VDTQNQL

झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर रांची में अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी बीच शनिवार देर रात एक ऐसी घटना हुई, जिसने वहां मौजूद लोगों को चिंता में डाल दिया। धरनास्थल के पास स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम के मोबाइल टावर पर एक युवक चढ़ गया। उसे टावर पर चढ़ा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार रात करीब 1:30 बजे की है। युवक की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ निवासी हीरालाल के रूप में हुई है। युवक ने बताया कि उसकी पत्नी को नौकरी नहीं मिलने से वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान है। इसी नाराजगी और निराशा में उसने मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठाया। टावर पर चढ़े युवक ने सरकारी व्यवस्था के प्रति नाराजगी जताई और कहा कि उसकी बात सुनी जाए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद आंदोलनकारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में कोतवाली थाना की पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने युवक से बातचीत शुरू की और उसे समझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने भी उसे सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की। हालांकि, देर रात तक युवक अपनी मांगों पर अड़ा रहा और टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे इलाके की निगरानी की गई। गौरतलब है कि JPSC में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से रांची में आंदोलन कर रहे हैं। इसी दौरान हुई इस घटना ने आंदोलन स्थल पर मौजूद लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *