G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची के प्रसिद्ध मोरहाबादी मैदान में पिछले करीब 40 वर्षों से लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार को नगर निगम ने शनिवार को बंद करा दिया। निगम का कहना है कि बाजार लगने से इलाके में भारी भीड़ और लंबे समय तक ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो रही थी। इसी वजह से यह फैसला लिया गया है। हालांकि, निगम के इस निर्णय से सब्जी विक्रेताओं में भारी नाराजगी है और वे आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।

बुधवार और शनिवार को लगता था बाजार

मोरहाबादी मैदान में हर बुधवार और शनिवार को शहर का सबसे बड़ा सब्जी बाजार लगता था। यहां रांची और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में किसान और सब्जी विक्रेता अपनी उपज बेचने आते थे। इस बाजार में हजारों लोग खरीदारी करने भी पहुंचते थे। लेकिन इस शनिवार नगर निगम ने बाजार लगाने की अनुमति नहीं दी। सुबह से ही निगम और पुलिस की टीम मैदान में तैनात रही और किसी भी दुकानदार को दुकान लगाने नहीं दी गई। नगर निगम के आदेश के बाद अधिकतर सब्जी विक्रेता बिना दुकान लगाए ही वापस लौट गए। इनमें कई ऐसे किसान और विक्रेता भी शामिल थे, जो रांची के दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से सुबह-सुबह सब्जियां लेकर आए थे। हालांकि, सब्जी विक्रेता अभी भी मोरहाबादी मैदान में डटे हुए हैं। उनका कहना है कि अचानक बाजार बंद करने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वे इस फैसले का विरोध कर रहे हैं और आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं।

निगम ने कहा – जाम की समस्या बनी वजह, दुकानदारों ने किया विरोध

नगर निगम के कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से स्पष्ट निर्देश मिला था कि अब मोरहाबादी का साप्ताहिक बाजार नहीं लगाया जाएगा। इसी आदेश का पालन करते हुए निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने मैदान में किसी भी दुकानदार को दुकान लगाने से रोक दिया। स्थिति को देखते हुए निगम की कई टीमें और पुलिस बल पूरे इलाके में तैनात किए गए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से बाजार लगने के कारण मोरहाबादी क्षेत्र में सुबह और शाम के समय भारी ट्रैफिक जाम लगने लगा था। इससे आम लोगों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों और कार्यालय आने-जाने वालों को काफी परेशानी होती थी। इसी समस्या को देखते हुए प्रशासन ने बाजार बंद करने का फैसला लिया है। नगर निगम के इस फैसले से नाराज सैकड़ों सब्जी विक्रेता और दुकानदार सड़क पर उतर आए। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दुकानदारों का कहना है कि बिना कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए बाजार बंद करना गलत है। इससे उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ रहा है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी दुकानदारों को शांत कराने और समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रशासन उनके लिए दूसरी जगह बाजार लगाने की व्यवस्था करने पर विचार कर रहा है। फिलहाल सभी से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *