अधिकारी के नाम पर मांगे गए थे पैसे, शिकायतकर्ता ने एसीबी से की शिकायत; पलामू की टीम ने दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की कार्रवाई पलामू: होमगार्ड जवान को ड्यूटी कमान देने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने होमगार्ड कार्यालय के एक मुंशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर के रूप में हुई है। एसीबी की टीम ने उसे शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अपनी ड्यूटी का कमान कटवाने के लिए होमगार्ड कार्यालय पहुंचा था। वहां मौजूद अधिकारी ने उसे मुंशी से मिलने को कहा। इसके बाद मुंशी सकेन्द्र और तुलसी ने ड्यूटी कमान देने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि रिश्वत की यह रकम अधिकारी के नाम पर मांगी गई थी। शिकायतकर्ता ने जब इस बारे में दोबारा अधिकारी से बात की, तो उन्होंने भी पैसे देने की बात कही। शिकायतकर्ता के मुताबिक, अधिकारी ने कहा कि चार महीने में 1 लाख 20 हजार रुपये मिलते हैं, ऐसे में 10 हजार रुपये देने में क्या परेशानी है। इस कथित मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी से संपर्क करने का फैसला किया। शिकायत के सत्यापन के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी, रिश्वत लेते ही टीम ने किया गिरफ्तार शिकायतकर्ता ने एसीबी पलामू के पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी। आवेदन मिलने के बाद ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद एसीबी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई गई। गुरुवार को एसीबी पलामू की धावा टीम ने दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार, जैसे ही मुंशी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की ओर से आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शिकायत में अधिकारी के नाम पर रिश्वत मांगे जाने और अधिकारी द्वारा भी पैसे देने की बात कहे जाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में आगे की जांच में तथ्यों की पुष्टि की जाएगी। Post navigation अब झारखंड की सड़कों पर नहीं दिखेंगे 15 साल पुराने सरकारी वाहन, थानों में कबाड़ बन चुके वाहन भी हटेंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, विकास योजनाओं और राजनीतिक हालात पर हुई चर्चा