रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे ट्रैक के पास एक आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) जवान का सिर कटा शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे ट्रैक पर मिला वर्दीधारी जवान का शव, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतक जवान वर्दी में था और उसका सिर धड़ से अलग मिला। शव के पास उसका बैग भी बरामद किया गया है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर जवान की मौत कैसे हुई। सूत्रों के मुताबिक, जवान की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई हो सकती है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह एक हादसा था या फिर आत्महत्या का मामला। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले ही सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन पर की गई थी। नई तैनाती के कुछ ही दिनों बाद इस तरह की घटना सामने आने से रेलवे विभाग और आरपीएफ कर्मियों में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल मामले पर अधिक जानकारी देने से इनकार किया है। उनका कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने मृतक जवान के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। इस दुखद खबर के बाद परिवार में मातम का माहौल है। फिलहाल रेलवे पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। तब तक इस मामले को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। Post navigation डिलीवरी बॉय से मारपीट के विरोध में सड़कों पर उतरे सैकड़ों कर्मी, मोरहाबादी में हंगामा