G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने कथित रूप से अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना बरियातू थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, पवन मुंडा नामक व्यक्ति ने बुधवार देर रात अपनी पत्नी बेला मुंडा के साथ किसी बात को लेकर विवाद किया। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान बेला मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी परिवार के अन्य लोगों को गुरुवार सुबह मिली। परिजनों ने जब बेला मुंडा को खून से लथपथ हालत में देखा तो उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और अत्यधिक मारपीट की वजह से उसकी मौत हुई।

शुरुआती जांच में सामने आया पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद का मामला 

बताया जा रहा है कि घटना वाली रात इलाके में बिजली नहीं थी। गर्मी अधिक होने के कारण दंपति के बच्चे अपने एक रिश्तेदार के घर सोने चले गए थे। गुरुवार सुबह जब बच्चे स्कूल जाने से पहले घर लौटे, तो उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। वहीं उनके पिता पवन मुंडा घर पर मौजूद नहीं थे। यह दृश्य देखकर बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि पवन मुंडा मोरहाबादी के पास छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे हिरासत में ले लिया। बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। इसी विवाद के दौरान यह घटना हुई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *